भाजपा सांसद की मौजूदगी में कठेरिया के गार्ड्स ने टोलकर्मियों से मारपीट, फायरिंग भी की

भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के नाम लगातार मारपीट से जुड़ी घटनाओं में सामने आ रहे हैं. अब उत्तर प्रदेश के आगरा से एक नया मामला सामने आया है. जहां बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष राम शंकर कठेरिया के सामने ही उनके गार्ड और समर्थकों ने टोल पर बवाल मचा दिया.
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है. जिसमें देखा जा सकता है कि टोल पर बीजेपी सासंद के गार्ड और समर्थक कर्मचारियों से मारपीट कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक बीजेपी सांसद के काफिले को रोकने के बाद टोल पर कर्मचारियों से बहस हो गई.
जिसके बाद सांसद कठेरिया के गार्ड्स ने टोलकर्मियों की पिटाई की. इसके अलावा सांसद की मौजूदगी में फायरिंग भी की गई. पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया. इस पूरी घटना के दौरान बीजेपी सांसद भी वहीं थे.
बता दें कि हाल के दिनों में नेताओं के जरिए मारपीट किए जाने के कई मामले सामने आए हैं. इससे पहले मध्य प्रदेश में बीजेपी के विधायक आकाश विजयवर्गीय ने अधिकारी के साथ मारपीट की थी. जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था.
#WATCH Agra: Security Personnel of BJP MP and Chairman of National Commission for Scheduled Castes Ram Shankar Katheria, thrash toll plaza employees and fire in the air after an argument. Katheria was also present at the spot pic.twitter.com/W8g5Wo4bN6
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 6, 2019





