बिजली उपभोक्ताओं को राहत, अब 30 अप्रैल तक जमा करें बिल

लखनऊ : लॉकडाउन को देखते हुए पावर कारपोरेशन ने 1 मार्च से 14 अप्रैल के बीच बने या बनने वाले बिजली बिलों के भुगतान की तिथि 30 अप्रैल तक बढ़ा दी है। उपभोक्ताओं को देय तिथि तक मिलने वाली एक प्रतिशत छूट का लाभ भी मिलेगा।
प्रमुख सचिव ऊर्जा व पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि कोरोना प्रकोप की वजह से बहुत से उपभोक्ता मार्च में बने बिल जमा नहीं कर सके हैं। ये सभी उपभोक्ता 30 अप्रैल तक बिना किसी विलंब सरचार्ज के अपना बिल जमा कर सकेंगे।
इसके अलावा ऊर्जा विभाग ने किसान आसान किस्त योजना 30 अप्रैल तक बढ़ा दी है। यह योजना 31 मार्च को खत्म हो रही थी। गौरतलब है कि निजी नलकूपों पर बकाया बिलों के भुगतान के लिए 1 फरवरी 2020 से आसान किस्त योजना शुरू की थी।
इस योजना का लाभ लेने वाले किसानों का 31 जनवरी 2020 तक का ब्याज माफ करने का प्रावधान किया गया है। किसानों को छह आसान किस्तों में बकाया भुगतान की सुविधा दी गई है। अब तक 3,61,215 किसान इस योजना का लाभ ले चुके हैं।

Back to top button