बाबरी विध्वंस को 25 साल पूरे पर केन्द्र सरकार ने जारी किया अलर्ट

राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद के क्रम में विवादित ढांचे (बाबरी मस्जिद) को ढहाए जाने के 25 साल पूरे होने पर केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। यह सलाह सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को जारी की गई है। इसमें राज्यों से सद्भाव का वातावरण बनाए रखने के लिए 2008 में जारी हुई गाइड लाइन के अनुरुप कदम उठाने को कहा गया है।
बाबरी विध्वंस को 25 साल पूरे पर केन्द्र सरकार ने किया अलर्टगृह मंत्रालय 6 दिसंबर 1992 को विवादित ढांचा ढहाए जाने के बाद से हर साल दिसंबर महीने में यह सतर्कता बरतने का निर्देश देता है। लेकिन इस साल उसकी सलाह का काफी महत्व है, क्योंकि पांच दिसंबर 2017 से सुप्रीम कोर्ट इस मामले की सुनवाई कर रहा है।
कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस दीपक मिश्रा की अध्यक्षता में पीठ इस मामले के पक्षकारों की दलील सुन रही है और अब इस मामले की सुनवाई 8 फरवरी को होनी है। एक वजह यह भी है कि गुजरात में विधानसभा चुनाव होने की वजह से इस विवाद पर सख्ती बरती जा रही है।
विहिप का जश्न
बता दें कि 6 दिसंबर को विश्व हिन्दू परिषद(विहिप) और बजरंग दल शौर्य दिवस के रूप में मनाता है। हर साल इसको लेकर देश के करीब 100-150 हिस्सों में आयोजन होता है, लेकिन इस बार दोनों संगठनों ने करीब 2000 स्थानों में इसे मनाने की तैयारी की है।
शौर्य दिवस को गुजरात में भी तमाम शहरों में मनाने की योजना है। कई बड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं। विहिप सूत्रों के अनुसार बड़े स्तर मनाए जाने वाले कार्यक्रमों में 30-40 हजार लोगों के आने की संभावना है।





