बाइक सवार 2 युवकों ने गोली मारकर की हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

जींद। यहां के रोहतक रोड पर एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने शिव कॉलोनी के आनंद पर फायरिंग कर दी। आरोपियों ने कई फायर किए जिससे आनंद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि आनंद की कुछ दिन पहले ही सगाई हुई थी।
CCTV में कैद हुई मर्डर की लाइव घटना…
– वारदात सुबह 8 बजे के आसपास की है। बताया जा रहा है कि आनंद और सोनू रोहतक रोड से कोई सामान लेने के लिए गए थे।
– जिस समय वारदात हुई उस समय आनंद रोहतक रोड पर मलिक अस्प्ताल के बाहर अपने साथी सोनू के साथ स्कूटी पर बैठ चाय पी रहा था।
– शिव कॉलोनी निवासी आनंद की अज्ञात बाइक सवारों ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
– सरेआम हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक हत्या के कारण और आरोपियों का पता नहीं चल सका है।
CCTV में दिख रहा है ये सब
– इस वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
– फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बाइक पर दो युवक आते हैं और गोली मारकर फरार हो जाते हैं।
– साथ ही जब आरोपी भागने लगते हैं तो उनमें से एक का हैलमेट गिर जाता है और जब वहां से गुजर रहा एक साइकिल सवार व्यक्ति रुककर उसे उठाने की कोशिश करता है तो आरोपी उसे रिवाल्वर लहराकर डरा देते हैं।





