तो इसलिए पर फेसबुक पर लग सकता है 35 हजार करोड़ का जुर्माना, सामने आई ये बड़ी वजह…

निजता से संबंधित नियमों के उल्लंघन के आरोप झेल रही दिग्गज सोशल मीडिया फर्म फेसबुक को बड़ी चपत लग सकती है। कंपनी ने कहा है कि इस मामले में अमेरिका का फेडरल ट्रेड कमीशन (एफटीसी) उस पर पांच अरब डॉलर (करीब 35 हजार करोड़ रुपए) तक का जुर्माना लगा सकता है। अब तक अमेरिकी सरकार पर सिलिकॉन वैली की बड़ी टेक कंपनियों से नरमी बरतने का आरोप लगता रहा है। ऐसे में इस रिकॉर्ड जुर्माने के जरिए अमेरिका यह संदेश देने की कोशिश भी करेगा कि नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कंपनियां भी महफूज नहीं रहेंगी।
फेसबुक ने अपनी वित्तीय रिपोर्ट में कहा है कि एफटीसी तीन से पांच अरब डॉलर का जुर्माना लगा सकता है। कंपनी ने कहा, “2019 की पहली तिमाही में हमने नुकसान का अनुमान लगाया है। एफटीसी की जांच के मामले में तीन अरब डॉलर (करीब 21 हजार करोड़ रुपए) का प्रावधान किया गया है। हमारा अनुमान है कि इस मद में तीन से पांच अरब डॉलर का नुकसान होगा।”
हालांकि कंपनी ने कहा है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि फैसला क्या और कब होगा। अभी सुनवाई चल रही है। कंपनी इस मामले में एफटीसी अधिकारियों से बात करके मामला सुलझाने का प्रयास कर रही है। बीती तिमाही (जनवरी-मार्च) में कंपनी का राजस्व 26 फीसदी बढ़कर 15.1 अरब डॉलर (करीब एक लाख करोड़ रुपए) रहा। हालांकि जुर्माने के मद में प्रावधान करने की वजह से मुनाफा सालभर पहले के मुकाबले 51 फीसदी गिरकर 2.4 अरब डॉलर (करीब 17 हजार करोड़ रुपए) रहा।
Vivo Y17 हुआ लॉन्च, जानें खासियत और कीमत
आरोप धोने की कोशिश में अमेरिका
अमेरिका सरकार पर आरोप लगता रहा है कि उसने सिलिकॉन वैली की टेक कंपनियों को नियमों को ताक पर रखकर काम करने की छूट दी है। कंपनियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती है। फेसबुक के मामले में बड़े जुर्माने के साथ सरकार इन आरोपों को धोने की कोशिश कर सकती है। इससे पहले एफटीसी की ओर से सर्वाधिक 2.2 करोड़ डॉलर (करीब 150 करोड़ रुपए) का जुर्माना लगा है। 2012 में गूगल पर यह जुर्माना लगा था।





