पूर्व डीपीआरओ समेत चार कोरोना पॉजिटिव, अधिकारियों के माथे पर बढ़ रहीं चिंता की लकीरें

सीतापुर : जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं है। विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज विभाग प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। यहां जिला पंचायत राज अधिकारी के पाजी ट्यूब मिलने के बाद से अन्य कर्मचारियों में कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है|
शनिवार की सुबह आई रिपोर्ट में विभाग के एक अन्य जिला पंचायत राज अधिकारी समेत चार और लोग पॉजिटिव मिले हैं। इसे लेकर अधिकारी चिंतित हैं और समूचे विकास भवन में कार्यरत अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों के सैंपल एकत्र किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि जिला पंचायत राज विभाग में तैनात वर्तमान डीपीआरओ सबसे पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद गुरुवार को आई रिपोर्ट में तीन और कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इसी के साथ कर्मचारी संगठनों द्वारा विकास भवन में तैनात सभी कर्मचारियों के कोरोना सैंपल लिए जाने की मांग उठाई गई थी। शनिवार की सुबह स्वास्थ्य महकमे को कुछ रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं, जिनमें जिला पंचायत राज विभाग के एक पूर्व डीपीआरओ व 3 सफाई कर्मचारी पॉजिटिव मिले हैं। पूर्व डीपीआरओ शौचालयों की जांच के लिए सीतापुर में ही कार्यरत थे। अभी यहां तमाम और कर्मचारियों की रिपोर्ट आना बाकी है। फिलहाल ऐसे सभी लोगों की तलाश की जा रही है जो कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए हुए थे।





