पुलिस ने शुरू की मुहिम, बिजली चोरी करने वाले पुलिसकर्मियों के मकान होंगे जब्त

चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने सुधार की मुहिम अपने घर से चालू की है। पुलिस लाइनों में रहने वाले पुलिसकर्मी यदि अब बिजली की चोरी करते पकड़े गए तो उनके खिलाफ बिजली विभाग तो कार्रवाई करेगा। साथ ही हरियाणा पुलिस भी उनके मकान जब्त करेगी। नए पुलिस महानिदेशक बीएस संधू ने यह फरमान जारी किए हैं।

हरियाणा के हर जिले में पुलिस लाइन है, जहां पुलिस कर्मियों के परिवार रहते हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का पूरा जोर बिजली की चोरी रोकने पर है। मुख्यमंत्री जहां भी जा रहे हैं, बिजली चोरी रोकने पर जोर दे रहे हैं। नए डीजीपी ने अपने विभाग में फरमान जारी करते हुए देर नहीं लगाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि कोई पुलिस अधिकारी या कर्मचारी बिजली चोरी करते हुए पकड़ा जाए तो तुरंत उसके मकान को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की जाए। कार्रवाई रिपोर्ट को मंजूरी पुलिस मुख्यालय से मिलेगी।
पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को कर्मचारी कल्याण की योजनाएं चलाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 18 जिलों में पुलिस पब्लिक स्कूल चल रहे हैं,
यह भी पढ़ें: 2019 के लिए बीजेपी का पूरा मास्टर प्लान, ऐसे जीतेंगे यूपी
लेकिन आम लोगों को उनके बारे में पता नहीं होता। लिहाजा ऐसे स्कूलों के भवनों को पुलिस पब्लिक सम्मेलन अथवा सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए दिया जाना चाहिए। इससे उनकी आमदनी भी बढ़ेगी और आम लोगों को ऐसे स्कूलों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
पंचकूला में बनेगा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन
पुलिस महानिदेशक बीएस संधू और एडीजीपी (मुख्यालय) पीके अग्रवाल ने बताया कि साइबर क्राइम पर कंट्रोल के लिए जल्द ही बड़ा पुलिस स्टेशन पंचकूला की मोगीनंद पुलिस लाइन में खोला जाएगा। इसके लिए मंजूरी मिल चुकी है। बजट का अलॉटमेंट हो चुका है और विशेष दक्ष लोगों की भर्ती के लिए विशेष प्रक्रिया अपनाई जाएगी। डीजीपी ने कहा कि अब राज्य में अपराध के आंकड़े छिपाए नहीं जाएंगे, बल्कि सार्वजनिक किए जाएंगे। एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) मोहम्मद अकील ने दावा किया कि राज्य में गो संरक्षण कानून बनने के बाद गायों की तस्करी और हत्या में बेहद कमी आई है।





