पीने का पानी लेने के लिए लोगों को कुएं में 40 फीट नीचे उतरना पड़ रहा…

मेलघाट में लोग पानी के गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। पीने का पानी लेने के लिए लोगों को कुएं में 40 फीट नीचे उतरना पड़ रहा है।
शिवाजी बेलकर नामक ग्रामीण ने कहा, ‘मुझे 40 फीट नीचे उतरना पड़ा। पहले मैंने खराब पानी को हटाया और उसके बाद साफ पानी के लिए इंतजार किया। इसमें काफी समय लगता है। कई बार तो इसमें पूरा दिन लग जाता है। केवल कुछ ही लोग पीने का पानी ले पाते हैं।’
सरकारी उदासीनता की आलोचना करते हुए ग्रामीण ने कहा, ‘यह स्थिति कई साल से चली आ रही है। न तो सरकार और न ही किसी और ने इस दिशा में कुछ किया है। गांव में तीन कुएं हैं। पीने का पानी लेने के लिए कुछ लोग वहीं सोते हैं।’
एक अन्य ग्रामीण शिवकला नागले ने सवाल किया कि यदि कोई नीचे गिर जाए तो उसका जिम्मेदार कौन होगा? सोनापुर गांव में स्वास्थ्य कर्मचारी निशांत सरप ने कहा कि ग्रामीणों को पीने से पहले पानी को गर्म करने के लिए कह दिया गया है। हमने वरिष्ठ अधिकारियों को इसके बारे में सूचना दे दी है। लोगों को प्रतिबंधित कुएं का पानी इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है।





