पत्रकार गौरी की हत्या का ट्विटर पर समर्थन कर रहे लोगों को लेकर हंगामा

इन उत्तेजित बयानों को देने वाले कुछ लोग पीएम मोदी को करते हैं फॉलो, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने साधा निशाना

लखनऊ। पत्रकार गौरी की हत्या पर एक ओर जहां पूरी दुनिया में लोग स्तब्ध हैं वहीं कुछ मानसिक रुप से दिवालिया लोग ट्विटर पर इस पत्रकार के विषय पर बेहद आपत्तिजनक बातें लिखकर इस हत्या को जायज ठहरा रहे हैं। जैसे ही यह पता चला कि इनमें से कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फॉलो करते हैं तो इस घटना के राजनीतिक अर्थ भी निकाले जाने लगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि ये उग्र विचारधारा वाले लोगों ने सोचसमझकर हत्या की है क्योंकि ये लोग लोकतंत्र के विरोधी हैं। आम आदमी पार्टी ने भी इसकी तीखी आलोचना की है। 
पत्रकार गौरी की हत्या का विरोध देशभर में हो रहा है। देश के कई राज्यों से इस विरोध की खबरें आ रही हैं। इस बीच कुछ लोग बेशर्मी भरे टिï्वट भी कर रहे हैं। पीएम मोदी को फॉलो करने वाले निखिल ने पत्रकार की तुलना एक जानवर से करते हुए कहा कि सारे पिल्ले एक सुर में बिलबिला रहे हैं। संजय मिश्रा ने गाली देते हुए लिखा कि ये औरत नक्सल समर्थक, हिंदू धर्म के खिलाफ और मोदी और संघ के खिलाफ थी। यही नहीं आगे लिखा कि इस वामपंथी औरत की जगह रवीश कुमार या दिलीप मंडल को मारा जाता तो दस गुना मजा आता। 
इन ट्विट्स ने देश भर में सनसनी फैला दी। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह ने गौरी लंकेश की हत्या पर इन ट्विट्स का स्क्रीट शॉट लगाते हुए कहा कि टीवी वालों जागो कल ये तुम्हारे साथ भी हो सकता है। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रवक्ता वैभव माहेश्वरी ने कहा कि इस हत्या के विरोध में आज आप कार्यकर्ता कैंडिल मार्च निकालेंगे और गांधी प्रतिमा पर प्रोटेस्ट करेंगे।
मीडिया जगत के कई दिग्गजों ने इस हत्याकांड की तीखी आलोचना करते हुए कहा है कि मीडिया की आजादी पर हमला एक गंभीर और चिंताजनक बात है।

Back to top button