नीरव मोदी और मेहुल चौकसी जैसे लोग उद्यमिता में राजनीतिकरण की देन: राजनाथ

लखनऊ। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम सहयोग और संपर्क योजना के शुभारंभ में बनारस पहुंचे गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पिछली सरकार पर निशाना साधा। केंद्रीय गृहमंत्री ने देश का पैसा लेकर भागे नीरव मोदी और मेहुल चौकसी को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि उनके जैसे लोग उद्यमिता में राजनीतिकरण के चलते पैदा हुए।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। 2014 से पहले दुनिया के 10 देशों में नौवें स्थान वाले भारत ने साढ़े चार साल में फ्रांस को पीछे छोड़ दिया और छठवें नंबर पर पहुंच गया है। एक साल से कम समय में यूके से बड़ी अर्थव्यवस्था भारत की होगी।
इतना ही नही उन्होंने ये भी कहा कि 2040 में भारत विश्व की सुपर इकोनॉमिक्स पावर होगा। नौजवानों का यह देश सुपर स्पोर्टिंग पावर भी बन रहा है। गृह मंत्री बोले, पहले पश्चिमी देशों को खेल में हराना असंभव था। चीन और फ्रांस के बाद भारत ने अपनी ताकत दिखाई। यह बदलाव देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होने से आया है।
उन्होंने कहा कि विश्वबैंक ने तीन दिन पहले इज ऑफ डूइंग बिजनेस की श्रेणी में 77वां स्थान दिया है, जबकि पहले भारत 142वें पायदान पर था। फिर बोले इकोनॉमिक्स रिफार्म में अगर 1991 में हुए नरसिंहा राव की सरकार को याद किया जायेगा तो स्ट्रकल्चरल और प्रोजिसरल रिफॉर्म पीएम मोदी ने किया।
उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लिया और कहा कि कुछ लोगों को छोड़ दिया जाए तो हर व्यक्ति मान रहा है की भारत बदल रहा है। यही कारण है की अंतर्राष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। भारत के प्रति धारणा और नजरिया बदला है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सुधारात्मक नजरिये के साथ काम कर रही है। जीएसटी लागू हुआ तो लोगों की समस्याएं को ध्यान में रखते हुए संशोधन हुआ और जरुरत होगी तो अब भी सरकार संशोधन को तैयार है। उधर, गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अपना उदबोधन शुरू किया तो बोले मैं गृह मंत्री हूं। मतलब घर का मंत्री हूं। अगर नौजवनों ने शोर शराबा किया तो मैं वही करूंगा जो घर के बड़े को करना चाहिए।





