देश में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर आज राजवाड़ा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

 मध्य प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती सरकार का सिरदर्द बनी हुई है। चेतावनी, झड़की के बाद सीएम कमलनाथ इस मसले को हल नहीं कर पा रहे हैं। इस मामले पर आज उन्होंने भोपाल, चंबल और नर्मदापुरम संभाग के बिजली अफसरों की बैठक बुलाई है। इधर, जनता में बिजली कटौती से हाहाकार मचा हुआ है। ऐसे में भाजपा ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की शुरुआत कर दी है। इसी कड़ी में आज इंदौर में विधानसभा तीन के विधायक आकाश विजयवर्गीय की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज इंदौर में अनूठा प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता हाथों में लालटेन लिए राजवाड़ा पर बैठ गए और बिजली कटौती के लिए कमलनाथ सरकार को जमकर कोसा।

कार्यकर्ताओं ने अपने चेहरे पर मुख्यमंत्री कमलनाथ का मुखौटा पहना हुआ था। वहीं हाथों में जो तख्तियां पकड़ी हुईं थी, उस पर भी बड़ा दिलचस्प नारा लिखा था, “बिजली अब जाना है, घर-घर मोमबत्ती बनाना है”। बता दें सरप्लस बिजली होने के बावजूद प्रदेश के ज्यादातर जिलों में भीषण गर्मी के बीच कई घंटों तक बिजली कटौती हो रही है। खुद मुख्यमंंत्री कमलनाथ ने भी अफसरों को आखिरी अल्टीमेटम दे दिया कि अगर अब बिना वजह बिजली गुल हुई तो अफसरों पर कड़ी कार्रवाई होगी। लेकिन फिर भी रविवार को हुई पहली बारिश में इंदौर के अलावा कई शहरों में घंटों तक बिजली गुल रही। ऐसे में बिजली कटौती इस सरकार के लिए गले की फांस बन गई है।

Back to top button