देश को आज मिलेगा नया चीफ जस्टिस, दीपक मिश्रा की जगह लेंगे जस्टिस रंजन गोगोई

नई दिल्ली। देश की सर्वोच अदालत सुप्रीम कोर्ट में आज एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। आज देश के मुख्य न्यायाधीश पद को एक नया चेहरा मिलने वाला है। दरअसल आज (बुधवार, 3 अक्टूबर) जस्टिस रंजन गोगोई देश के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ लेंगे। अभी तक इस पद पर जस्टिस दीपक मिश्रा पदस्थ थे। 
जस्टिस रंजन गोगोई का यह शपथ ग्रहण समारोह आज (बुधवार, 3 अक्टूबर) को राष्ट्रपति भवन में आयोजित किया गया है। यहाँ पर देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सुबह 10:45 बजे उन्हें शपथ दिलाएंगे। इस तरह से जस्टिस  रंजन गोगोई आज देश के  46वें मुख्य न्यायाधीश बन जायेंगे। इसके साथ ही वे इस पद पर पहुंचने वाले पूर्वोत्‍तर भारत के पहले चीफ जस्टिस भी होंगे। गौरतलब है कि उनका कार्यकाल  17 नंवबर 2019 तक चलेगा। 
उल्लेखनीय है कि 18 नवंबर 1954 को असम के डिब्रूगढ़ में जन्मे जस्टिस गोगोई की शुरुआती शिक्षा डॉन वास्‍को स्‍कूल से और कॉलेज की पढ़ाई गुवाहटी के काटेन कॉलेज से हुई थी। उन्होंने दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय (डीयू) से कानून की शिक्षा ली थी। उन्होंने 1978 में गुवाहाटी हाईकोर्ट से अपनी वकालत के करियर की शुरुआत की थी। वे 23 अप्रैल 2012 को बतौर जज सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त किये गए थे। 
 

Back to top button