देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में बीएड के विद्यार्थियों ने रिजल्ट को लेकर किया हंगामा

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में बीएड के विद्यार्थियों ने रिजल्ट को लेकर हंगामा किया। विद्यार्थियों ने परीक्षा नियंत्रक से मिलकर कहा कि पहले बीएड के रिजल्ट में 96 प्रतिशत छात्र पास हो गए थे, लेकिन यूनिवर्सिटी ने वह रिजल्ट जारी नहीं किया था। इस मामले में जांच बैठाई गई थी और फिर से जारी रिजल्ट में केवल 59 प्रतिशत छात्र ही पास हुए हैं। विद्यार्थियों का कहना था कि पुराना वाला रिजल्ट ही जारी किया जाए। कुछ ने परिक्षा नियंत्रक से कहा कि हमें 2-2 नंबर से फेल किया गया है, ग्रेस देकर हमें पास किया जाए।

इस पर परीक्षा नियंत्रण ने कहा कि बीएड में ग्रेस देने का कोई प्रावधान नहीं है। सभी रिव्यू के लिए फार्म भर दीजिए, इस पर विद्यार्थियों ने कहा कि हमने फार्म भर दिया है, लेकिन अभी तक कॉपियां नहीं दिखाई गई है। जिस पर परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि सभी कॉपियों को बुलवाया गया है, जल्द ही यह आपको दिखाई जाएंगी। इस दौरान हंगामा कर रहे बीएड विद्यार्थी बार-बार इस बात का दबाव बना रहे थे कि उन्हें पास किया जाए।

Back to top button