दहेज की मांग पूरी न होने पर पीड़िता को किया प्रताड़ित, मुकदमा दर्ज

shikhar satta 1
सुलतानपुर, 05 दिसम्बर (UjjawalPrabhat.Com)। दहेज की मांग पूरी न होने के चलते ससुरालीजनों ने बहू को मारपीटकर घर से निकाल दिया। जिसके चलते पीड़िता ने हलियापुर थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हलियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम डेहरियावां निवासी राम प्रताप सिंह ने दो वर्ष पूर्व अपनी पुत्री की शादी रायबरेली जिले के महराजगंज, आजाद नगर में निवासी भारत सिंह से पुत्र विनोद सिंह से की थी। श्री सिंह ने दहेज में मांगी गयी रकम सहित जेवरात बर्तन आदि देकर पुत्री शिप्रा को विदा किया था। पीड़िता शिप्रा ने बताया कि ससुराल वाले आपाची मोटरसाइकिल व कुछ और रकम की मांग कर रहे थे। जिसकी मांग मायकेवाले पूरा नहीं कर रहे है। इन सबके चलते ससुरालीजनों ने पीड़िता को जलाने की धमकी देते हुए उसे मारा-पीटा। जैसे-तैसे पीड़िता अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकली और आकर थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया। साथ ही पीड़िता का कहना है कि ससुरालीजनों ने इससे पहले भी उसे मारा-पीटा है। वहीं थाने पर पीड़िता की तहरीर पर सास मीरा सिंह, मौसी, जेठ मनोज, जेठानी प्रियंका सिंह व पति विनोद के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है। पीड़िता ने प्रार्थना पत्र देकर राज्य महिला आयोग को भी अवगत कराया है। साथ ही न्याय की मांग की है।
नीरज तिवारी

Back to top button