तो इसलिए निवेशकों की वजह से गिरे सोने के दाम, इतनी कम हुई कीमतें
शेयर बाजार में आई तेजी के बाद सराफा बाजार से निवेशकों के मुंह मोड़ने और स्थानीय ज्वेलरों की ओर से मांग घटने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को सोना 100 रुपये गिरकर 33,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के मुताबिक औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर लिवाली बढ़ने से चांदी हालांकि 50 रुपये मजबूत होकर 39,580 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
सराफा कारोबारियों के मुताबिक घरेलू ज्वेलरों की ओर से मांग घटने और निवेशकों का ध्यान शेयर बाजार पर केंद्रित होने से सोने में गिरावट आई। न्यूयॉर्क में सोना मजबूती के साथ 1,296.80 डॉलर प्रति औंस (28.35 ग्राम) पर पहुंच गया।
चांदी भी मजबूत होकर 15.49 डॉलर प्रति औंस की हो गई। राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसद खरा सोना 100 रुपये गिरकर 33,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया और 99.5 फीसद खरा सोना भी इतनी ही गिरावट के साथ 32,980 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
आठ ग्राम सोने की गिन्नी हालांकि 26,400 रुपये प्रत्येक के भाव पर कायम रही। चांदी हाजिर 50 रुपये मजबूत होकर 39,580 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि वीकली डिलीवरी 55 रुपये गिरकर 38,660 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।





