उन्नाव रेप कांडः ट्रक-कार की टक्कर में चाची और वकील की मौत, पीड़िता को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई है. इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक, इसमें उन्नाव रेप केस की पीड़िता समेत कुल तीन लोग सवार थे. रेप पीड़िता की चाची और वकील की जान चली गई. जबकि रेप पीड़िता को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है. गौरतलब है कि इस मामले में उन्नाव के स्थानीय विधायक कुलदीप सेंगर आरोपी हैं.
बताया जा रहा है कि उन्नाव गैंगरेप पीड़िता के चाचा महेश सिंह जेल में बंद हैं. महेश सिंह से मिलने के लिए पीड़िता, उसकी मां, चाची और वकील महेंद्र सिंह रायबरेली जेल जा रहे थे. इसी दौरान एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी.
गंभीर रूप से घायलों को लखनऊ के ट्रामा सेंटर भर्ती कराया गया है. यह हादसा रायबरेली के अतरुआ गांव में हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायलों को फौरन अस्पताल भेजा.





