जिन जिलों में वायु प्रदूषण खराब हो वहां ऑड-ईवन नियम लागू करना चाहिए मंत्री दारा सिंह चौहान: यूपी

प्रदूषण का स्तर दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भी बढ़ने लगा है. खतरनाक होते प्रदूषण के स्तर पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली में सोमवार से ऑड-ईवन नियम लागू कर दिया गया. इस बीच उत्तर प्रदेश के पर्यावरण मंत्री दारा सिंह चौहान ने भी राज्य के कुछ शहरों में यह नियम लागू करने की बात कही है.

उन्होंने कहा कि जिन जिलों में वायु प्रदूषण खराब हो रहा है वहां भी ऑड-ईवन नियम लागू करना चाहिए. हम इसके बारे में सोच सकते हैं. चौहान ने कहा कि यदि राज्य सरकार और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा उठाए गए कदम बढ़ते वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने में विफल रहते हैं तो हम एक व्यापक योजना बनाएंगे.

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद के साथ ही राजधानी लखनऊ में भी प्रदूषण बढ़ा है. लखनऊ में प्रदूषण लोगों पर कहर बनकर टूट रहा है. राजधानी के अस्पतालों में सांस के मरीजों की भीड़ लगी है.

हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले दो दिनों में अस्पताल पहुंचे कुल मरीजों में से 25 फीसदी सांस की समस्या लेकर पहुंचे थे. लखनऊ के लोहिया अस्पताल, किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) और सिविल अस्पताल की OPD में मरीजों की संख्या बढ़ी है.

Back to top button