जान ले जरूरत से ज्यादा हैंड सेनेटाइजर इस्तेमाल करने के नुकसान, वरना…

कोरोना वायरस महामारी से इस समय पूरी दुनिया जुझ रही है। लोग इसके संक्रमण से बचने के लिए तरह-तरह के जतन कर रहे हैं। इनमें फेस मास्क से लेकर फेस शील्ड, हैंड सेनेटाइजर, ग्लव्स सहित बचाव के कई संसाधन शामिल हैं। स्वच्छता के आग्रह के चलते ही लोगों के बीच हैंड सेनेटाइजर का इस्तेमाल भी बहुत बढ़ा है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि हैंड सेनेटाइजर का प्रयोग तभी किया जाना चाहिए जब साबुन व पानी उपलब्ध नहीं हो। सेनेटाइजर का बहुत अधिक प्रयोग भी नुकसान पहुंचा सकता है।

कई अध्ययनों में यह पाया गया है कि हैंड सेनेटाइजर में अल्कोहल की मात्रा अधिक होने से यह कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने में सक्षम है। इससे ये बीमारी फैलाने वाला वायरस मर जाता है। पर बाद में कई अध्ययनों में ये बात सामने आई कि इसके अत्यधिक प्रयोग के दुष्प्रभाव भी हो सकते हैं। विशेषज्ञों द्वारा किए गए अध्ययन में ये बात सामने आई है कि हैंड सेनेटाइजर के ज्यादा प्रयोग से हाथों में रूखापन, खुजली और कई अन्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
इंस्टीट्यूट ऑफ टॉक्सिकोलॉजी रिसर्च (CSIR) के डॉ. आलोक धवन ने इस बारे में कहा – हैंड सेनेटाइजर को उपयोग करते हुए काफी सावधानी की आवश्यकता होती है। इसे काफी संभलकर प्रयोग किया जाना चाहिए। जब साबुन और पानी उपलब्ध नहीं हो, तभी इनका प्रयोग करना चाहिए। दो से तीन मिलीलीटर सेनेटाइजर का प्रयोग ही करना चाहिए। इतनी मात्रा ही पर्याप्त है और इस मात्रा से स्कीन को कोई नुकसान नहीं होता है। लेकिन हर 20 मिनट में सेनेटाइजर का प्रयोग करते रहना सही नहीं हैं। ज्यादा बार प्रयोग करने से व्यक्ति की स्कीन पर विपरित असर हो सकता है। सेनेटाइजर के अधिक प्रयोग से हाथों में रूखापन, खुजली और अन्य समस्या हो सकती है।





