छह साल तक पाक की कराची जेल में बंद रहने के बाद जयपुर पहुंचे जुगराज भील

छह साल तक पाकिस्तान की कराची जेल में बंद रहे राजस्थान का बूंदी निवासी जुगराज भील शनिवार को जयपुर पहुंच गए। वह जल्द ही अपने परिजनों के पास बूंदी जाएंगे। शनिवार को जुगराज के जयपुर पहुंचने के बाद बूंदी के कांग्रेस नेता उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय ले गए। उसके बाद उन्हें चेकअप के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया।
जुगराज ने पांच दिन पहले 29 अप्रैल को वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत में वापसी की थी, उनकी दिमागी हालत ठीक नहीं होने के कारण केंद्र सरकार ने बूंदी जिला प्रशासन के माध्यम से उनके परिजनों को सूचित कर उन्हें अमृतसर के रेडक्रॉस आफिस में रोक लिया था। वहां शुक्रवार को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शाम को जुगराज भील को परिजनों के सुपुर्द किया गया था। वहां से जुगराज अपने भाई बाबूलाल भील और बूंदी के युवक कांग्रेस के नेता चर्मेश शर्मा के साथ शनिवार को जयपुर पहुंचे। जयपुर पहुंचने पर जुगराज काफी खुश नजर आए।
उल्लेखनीय है कि बूंदी के रामपुरिया गांव निवासी जुगराज छह साल पहले पैदल यात्रियों के जत्थे के साथ पाक सीमा से सटे जैसलमेर के धाíमक स्थल रामदेवरा गए थे। मानसिक रूप से विक्षिप्त जुगराज रास्ता भटककर ट्रेन में बैठकर पाकिस्तान चले गए थे। ट्रेन में बगैर टिकट पाए जाने पर पाकिस्तान में उन्हें दो माह की सजा देकर छह साल तक कराची जेल में बंद रखा गया था। पिछले साल पांच जून को बूंदी जिले के डाबी थाना पुलिस को उसके बारे में सूचना मिलने के बाद उनके वतन वापसी के प्रयास शुरू हुए थे, जो अब जाकर सफल हुए।





