चुनाव: मुलायम सिंह ने 325 उम्मीदवार की सूची जारी की, अखिलेश जहां से चाहें-वहां से लड़ें

सपा में टिकटों के लिए कथित रूप से शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच मचे घमासान के बीच सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने आज आगामी यूपी विधानसभा चुनावों के लिए 325 उम्मीदवारों की सूची जारी की. उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि बाकी 78 उम्मीदवारों की सूची विचार-विमर्श के बाद जारी की जाएगी.
बड़ी खबर: मेरे पास सवा सौ करोड़ देशवासियों का रक्षा कवच!
उन्होंने यह भी कहा कि 176 मौजूदा विधायकों को फिर से टिकट दिया गया है. मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बारे में बोलते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि वह जहां से भी चाहेंगे वहां से चुनाव लड़ेंगे. इसके साथ ही मुलायम ने कहा कि उन्होंने जीतने वाले उम्मीदवार घोषित किए हैं. सपा में टिकट बंटवारे पर हो रही मुखर आवाजों के बारे में उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा लोकतांत्रिक पार्टी कोई और नहीं है.
मुलायम सिंह ने कहा कि अब कोई टिकट बदला नहीं जाएगा. बहुत सोच-समझकर टिकट दिया गया है. साथ में यह भी जोड़ा कि जिन कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिल सका है उनका भी पार्टी में पूरा सम्मान है. नोटबंदी और काला धन के मसले पर केंद्र की मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि चुनावों में वादा किया था कि 15 लाख रुपया हरेक के खाते में आएगा. सवालिया लहजे में पूछा कि आखिर किसके खाते में वह पैसा आया?





