चीन में आया भूकंप, 5 लोगों की मौत और 30 की हालत गंभीर

चीन में मंगलवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए. इस प्राकृतिक आपदा में पांच लोगों की मौत हो गई और 63 लोग घायल हो गए. घायलों में 30 की हालत गंभीर है. चीनी न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम सिचुआन प्रांत में मंगलवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए. इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.0 बताई गई है. अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. भूकंप का सबसे ज्यादा असर पर्यटक स्थल जियुझागु काउंटी में हुआ है.
यही वजह है मरने वाले सभी लोग पर्यटक हैं. चीन के भूकंप नेटवर्क सेंटर के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार रात्रि 9.19 बजे आया और इसका केंद्र जियुझागु काउंटी से 35 किमी दूर जमीन में 20 किमी नीचे था. भूकंप के बाद रात्रि 11 बजे तक करीब 106 हल्के झटके भी महसूस किए गए.
इसे भी पढ़े: बेअसर हुई उत्तर कोरिया पर ट्रंप की चेतावनी: कहा-तबाह कर देंगे अमेरिकी आईलैंड
न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक चीनी भूकंप प्रशासन ने आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रिया के स्तर-1 को सक्रिय कर दिया है.
चीन में भूकंप आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली में चार स्तर हैं और स्तर-1 शीर्ष पर है. इसके बाद 610 फायर अधिकारियों व सैनिकों और आठ स्निफर डॉग्स को भूकंप प्रभावित स्थल के लिए रवाना कर दिया गया.





