नई दिल्ली .सीआईएसएफ ने रविवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से किर्गिस्तान मूल की एक महिला को 1.41 लाख अमेरिकी डाॅलर (करीब 91 लाख रुपए) के साथ हिरासत में लिया है। बल्ताबेवा जुखरा नामक ये महिला एयर मनास की फ्लाइट से बिश्केक के लिए रवाना होने वाली थी। आरोपी महिला को अमेरिकी डाॅलर के साथ कस्टम के हवाले कर दिया गया है। कस्टम आरोपी महिला से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि यह डॉलर उसे कहां से मिले और किसे पहुंचाने थे।
चेहरे पर घबराहट, बेचैनी के भाव और माथे पर पसीने की बूंदे देखने के बाद सीआईएसएफ इंटेलीजेंस विंग के अधिकारियों की निगाहें एक विदेशी महिला पर टिक गई। वह टर्मिनल थ्री पर सुरक्षा जांच के लिए जा रही थी, तभी उसके चेहरे पर शिकन दिखाई दे रही थी।
शारीरिक सुरक्षा जांच में सीआईएसएफ को कुछ नहीं मिला, लेकिन एक्स-रे जांच में करेंसी की आकृति माॅनीटर में नजर आई। बैग को खुलवाया गया तो उसमें से 60 हजार अमेरिकी डाॅलर (करीब 41.40 लाख रुपए) बरामद किए गए।
एक अन्य बैग से 81,290 डाॅलर (करीब 56.09 लाख रुपए) मिले। पूछताछ में विदेशी महिला ने दूसरे बैग को पहचानने से इनकार कर दिया। सीआईएसएफ ने सीसीटीवी फुटेज की जांच में पाया है कि यह बैग भी आरोपी विदेशी महिला का ही था।