गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड में नाम दर्ज कर बढ़ाया जिले का मान

सुलतानपुर, 25 नवम्बर(UjjawalPrabhat.Com)। छोटी बच्ची अनन्या श्रीवास्तव के सम्मान में जनपदवासियों ने एक संस्था के बैनर तले पंडित रामनरेश त्रिपाठी सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के अध्यक्ष आलोक कुमार के कर कमलों द्वारा अनन्या श्रीवास्तव को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही साथ अनन्या श्रीवास्तव के प्रारंभिक तीन गुरु का सम्मान भी संस्था ने साल व माला पहनाकर किया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने छोटी अनन्या की प्रतिभा के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि यह बच्ची इतने कम समय में इस पायदान पर पहुंच चुकी है। मैं आशा करता हूं कि अनन्या का आगे का सफर भी बहुत ही सराहनीय होगा। साथ ही एमआर और रूबेला वैक्सीन के बारे में चर्चा करते हुए डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि आने वाले भविष्य में हमारे देश के बच्चों को एमआर और रूबेला की वैक्सीन से आच्छादित किया जा रहा है। इसके द्वारा होने वाले जानलेवा बीमारी से निजात मिलेगी प्रमुख रूप से यह बीमारी गर्भवती महिलाओं में ज्यादा पाई जाती है। विद्यालय के प्राचार्य केपी यादव को मंच पर बुलाकर बाद में सम्मानित किया गया। संस्था एवं नगरवासियों के अथक प्रयास से सम्मान समारोह का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. सुभाषचंद्रा, डॉक्टर संजय खत्री, मधु कपूर, राम सागर तिवारी, लायंस क्लब के अध्यक्ष डॉ. डीएस मिश्रा, प्रेम श्रीवास्तव, मनोज मिश्रा, डॉ. नीलिमा भटनागर, रमेश त्रिपाठी, संदीप श्रीवास्तव समेत आदि मौजूद रहे।
नीरज तिवारी





