गोत्र विवाद में उप्र भाजपा अध्यक्ष ले आये ‘इटलस’ गोत्र

लखनऊ । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी में हिंदुस्तान का नेता बनने की क्षमता नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का गोत्र इटलस है। जहां तक मुझे पता है, उनके दादा फिरोज जहांगीर थे। मां सोनिया गांधी इटली से हैं, इसलिए उनका गोत्र इटलस है। कांग्रेस जब भी सत्ता में रही, तब घोटाला हुआ। अब कांग्रेस गोत्र घोटाले पर उतर आई है। दरअसल, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कोई गोत्र ही नहीं है। अब चुनाव आया तो खुद को हिंदू बताने में जुटे हैं। जनता सब जानती है।
इसके बावजूद बेचारी सोनिया गांधी उन्हें नेता बनाने में जुटी हैं। कांग्रेस, सपा और बसपा नेता सत्ता भोगी हैं। खोई सत्ता हासिल करने के लिए गलत बयानबाजी कर रहे हैं। किसी नेता के पास विजन नहीं है। सब अपना, परिवार और अपने गिरोह को लाभ पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं। सरकार बनते ही नजूल की जमीन ढूंढने लगते हैं ताकि कब्जा कर इमारत खड़ी की जा सके। देश को आगे बढ़ाने काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने गुरूवार भाजयुमो के ‘युवा संसद’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा के गठबंधन से कोई डर नहीं है। भाजपा ने जनगठबंधन किया है। कमल संदेश यात्रा निकालकर सरकार की उपलब्धियां गिनाई जा चुकी हैं। एक से 15 दिसंबर के बीच हर विधानसभा क्षेत्र में 150-150 किलोमीटर की पदयात्रा निकलेगी।
युवा संसद में हिस्सा लेने आए भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश ने कांग्रेस अध्यक्ष को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के अयोग्य बेटे हैं। उन्हें देश की जनता बतौर प्रधानमंत्री स्वीकार नहीं करेगी।
————

Back to top button