गाजियाबाद में मांगों को लेकर धरने पर बैठी महिला पार्षद ने आत्महत्या की कोशिश की

दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मांगों को लेकर धरने पर बैठी महिला पार्षद ने सोमवार को आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन समय रहते वहां पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने हालात काबू में कर लिया। वार्ड नंबर-6 की पार्षद माया देवी अपने साथ मिट्टी का तेल लाई थीं और देखते-देखते उन्होंने अपने ऊपर तेल छिड़कने का प्रयास किया, लेकिन महिला पुलिस ने काबू कर लिया। माया देवी का कहना है कि वह धरने पर बैठी रहेंगी।
बता दें कि नंदग्राम डी-ब्लॉक का नाला नहीं बनने पर वार्ड छह की पार्षद माया देवी ने आत्मदाह की चेतावनी दी थी। वह स्थानीय लोगों के साथ सोमवार सुबह से गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में धरना दे रही हैं। माया देवी कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हुुई हैं। उनके साथ विपक्ष के कई पार्षद भी धरने पर बैठे हैं।





