कोविंद vs मीरा: थोड़ी देर में शुरू होगी 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटिंग…

देश के 14वें राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज वोटिंग होगी. चुनाव के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. नए राष्ट्रपति के चुनाव में बीजेपी नीत एनडीए के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद का मुकाबला विपक्षी उम्मीदवार मीरा कुमार से है. चुनाव आयोग ने वोटिंग के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं. संसद भवन के अलावा हर राज्य की विधानसभाओं में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. संसद के दोनों सदनों में जहां सांसदों की वोटिंग की व्यवस्था की गई है, वहीं राज्य विधानसभाओं में वहां के निर्वाचित सदस्य वोट डालेंगे. 20 तारीख को परिणाम आएंगे.कोविंद vs मीरा: थोड़ी देर में शुरू होगी 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटिंग...

कोविंद की जीत पक्की!

बता दें कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है, जिसके अगले दिन यानी 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति पदभार ग्रहण करेंगे. सियासी समीकरणों को देखें तो इस चुनाव में एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद की जीत पक्की मानी जा रही है. राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में शामिल दोनों उम्मीदवार रामनाथ कोविंद और मीरा कुमार दलित समुदाय से आते हैं और उन्होंने देशभर में घूम-घूम कर विधायकों का समर्थन हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत की है. आंकड़ों की बात की जाए तो बिहार के पूर्व राज्यपाल कोविंद की दावेदारी मजबूत नजर आ रही है, क्योंकि उन्हें एनडीए के अलावा जेडीयू और बीजू जनता दल (बीजेडी) जैसे विपक्षी दलों का भी समर्थन हासिल है. यहां जेडीयू के पास निर्वाचक मंडल का कुल 1.91 फीसदी वोट है, जबकि बीजेडी के पास 2.99 फीसदी वोट है. इसके अलावा तेलंगाना में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के पास 2%, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) का एक गुट (5.39 %) और वाईएसआर कांग्रेस (1.53%) ने भी कोविंद के पक्ष में मतदान करने की घोषणा की है.

बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव में हर सांसद के वोट का वैल्यू 708 है, जबकि विधायकों के वोटों का मूल्य उनके राज्यों की आबादी के अनुसार होगा, जैसे उत्तर प्रदेश के एक विधायक के वोट का वैल्यू 208, जबकि अरुणाचल जैसे कम आबादी वाले राज्य के विधायक के वोट का मूल्य 8 बैठता है. ऐसे में कोविंद को निर्वाचक मंडल के कुल 10,98,903 मतों में से 63 फीसदी से ज्यादा मत मिलने की संभावना है.

पीएम को कोविंद की जीत का भरोसा

चुनाव से एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एनडीए के प्रत्याशी रामनाथ कोविंद को चालीस दलों का समर्थन हासिल है और उन्हें विश्वास है कि कोविंद की जीत होगी. संसद के मानसून सत्र के शुरू होने की पूर्व संध्या पर मोदी ने एनडीए से संबंध सांसदों की बैठक में गठबंधन के सभी सांसदों और विधायकों से राष्ट्रपति चुनाव में मतदान की अपील की. अनंत कुमार ने बताया कि मोदी ने इस बात को रेखांकित किया कि ओडिशा, बिहार, तेलंगाना और तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों ने कोविंद का समर्थन किया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव को लेकर एक स्पष्टता है और आगे का रास्ता भी साफ दिख रहा है. उन्होंने कहा कि उन्हें कोविंद के साथ काम कर खुशी होगी.

वहीं राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात की. इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारा भविष्य जीवन से बुनियादी मूल्यों पर है और हमें इसकी रक्षा करना चाहिए. उन्होंने कहा मौजूदा राष्ट्रपति चुनाव में भले ही आंकड़े हमारे पक्ष में ना हो लेकिन ये लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जानी चाहिए. सोनिया गांधी ने विपक्षी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ये एक वैचारिक संघर्ष है. उन्होंने कहा ये परस्पर विरोध मूल्यों का टकराव है. सोनिया ने कहा ये संघर्ष है और हम इसमें कदम पीछे नहीं हटाएंगे.

Back to top button