कोरोना से फाइट : यूपी के विधायक दे सकेंगे कोरोना से बचाव के लिए पूरी धनराशि
लखनऊ : यूपी कि योगी सरकार ने कोरोना से लड़ने के लिए एक और अहम फैसला किया है। योगी सरकार ने एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि के नियम को और शिथिल कर दिया है। अब विधायक एक वर्ष की अपनी निधि की पूरी धनराशि कोविड-19 की जांच, स्क्रीनिंग, उपकरणों की खरीद आदि पर खर्च कर सकेंगे।
ग्राम्य विकास विभाग ने इस आशय का शासनादेश जारी कर दिया है। पूर्व के शासनादेश में निधि की नियमावली को शिथिल करते हुए 25 लाख रुपये तक कोरोना से बचाव व इलाज पर खर्च करने की छूट दी गई थी। नये शासनादेश में इस 25 लाख की सीमा को शिथिल कर दिया गया है।
निधि की धनराशि बीएचयू वाराणसी तथा एएमयू को कोविड-19 पर कार्य करने के लिए दी जा सकती है। विधायकों को कोरोना से बचाव व इलाज के लिए धनराशि दिए जाने के लिए नियमों को 31 मार्च 2021 तक के लिए शिथिल किया गया है। योगी का मानना है कि इससे कोरोना से लड़ने में मदद मिलेगी।





