केरल के मंदिर में लगी आग, अब तक 110 की मौत; पीएम ने स्थिति का लिया जायजा, राहुल भी पहुंचे

एजेन्सी/
कोल्लम: केरल के परवूर स्थित पुत्तिंगल देवी मंदिर में एक उत्सव के दौरान आज तड़के 3 बजे हुए आतिशबाजी के दौरान विस्फोट में अब तक 110 लोग मारे गए और 350 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पीएम मोदी ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया और केरल के सीएम से बात की, पीड़ितों को हर संभव मदद करने को कहा। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर दुख जताया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
* कोल्लम स्थित मंदिर में हुए हादसे का जायजा लेने और घायलों का हाल जानने के लिए आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी घटनास्थल पहुंचे।
* पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने केरल के सीएम ओमान चांडी और अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया और केंद्र से हर संभव मदद की पेशकश की।
* पीएम ने कोल्लम स्थित एए रहीम मेमोरियल अस्पताल का दौरा किया और वहां घायल लोगों का हाल-चाल जाना। इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सीएम चांडी भी मौजूद थे।
* पीएम नरेंद्र मोदी बर्न स्पेशलिस्ट 15 डॉक्टरों के साथ कोल्लम मंदिर पहुंचे।
* सीएम ओमन चांडी ने मंदिर हादसे में मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया। गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया।
* केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। 50 से ज्यादा लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया, अब स्थिति नियंत्रण में है, पुलिस महानिदेशक मौके पर हैं और बचाव अभियान में समन्वय कर रहे हैं। गृह मंत्री ने बताया, आग पर अब काबू पाया जा चुका है। दमकल और पुलिस कर्मी संयुक्त रूप से बचाव अभियानों में लगे हैं।
* केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने कहा, दुर्घटना स्तब्ध कर देने वाली और त्रासद है। मैं मौके पर पहुंच रहा हूं, घायलों को तिरूवनंतपुरम और कोल्लम के अस्पतालों में ले जाया जा रहा है। नड्डा ने बताया, सफदरजंग अस्पताल और राम मनोहर लोहिया अस्पताल के 15 डॉक्टरों के एक दल को सेवा में लगाया गया है। वह केरल आ रहे हैं। हम दिल्ली से दवाएं भी भेज रहे हैं। यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि वहां दवाओं की कोई कमी न हो। डॉक्टरों का दल दोपहर तक पहुंचेगा।
* सीएम चांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने उनसे फोन पर संपर्क किया। ‘मैंने उन दोनों से आग्रह किया, सचमुच में हम गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को कोल्लम से तिरूवनंतपुरम के अस्पतालों में ले जाने के लिए दो हेलीकॉप्टर चाहते हैं।’ उन्होंने बताया ‘बचाव अभियान पूरा हो चुका है और हम अस्पतालों में भर्ती कराए गए सभी लोगों को बेहतर इलाज देने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। इसलिए हम निजी अस्पतालों को सहायता दे रहे हैं और सभी विशेषज्ञ डॉक्टरों से ड्यूटी पर आने को कहा गया है क्योंकि रविवार को शायद वह छुट्टी पर रहते हैं।’
* पीएम मोदी अपने साथ घायलों का इलाज करने में दक्ष डॉक्टरों के एक दल को ले कर जा रहे हैं। मोदी हेलीकॉप्टर से सीधे उसी शहर में उतरेंगे जहां हादसा हुआ है। हेलीपैड पर प्रधानमंत्री की राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा अगवानी किए जाने से लेकर सभी प्रोटोकॉल को दरकिनार कर दिया गया है। मोदी ने भारतीय वायु सेना और नौसेना को उनके कमान के सभी हेलीकॉप्टरों को घायलों को समीपवर्ती शहरों के अस्पताल लाने ले जाने के लिए भेजने का आदेश दिया है।
* केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने घटना स्थल का दौरा किया और बताया कि 40 शवों की पहचान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि स्थिति का जायजा लेने के लिए दोपहर को 3 बजे कोल्लम में मंत्रिमंडल की एक विशेष बैठक की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि घायलों को यथाशीघ्र मदद मुहैया कराना उनकी प्राथमिकता है।
* कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कोल्लम मंदिर हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए सोनिया ने राज्य सरकार से घायलों को तत्काल एवं पर्याप्त राहत मुहैया कराने के लिए कहा है।
* पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंदिर प्राधिकारियों तथा विस्फोटक के लाइसेंस धारकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और 308 (गैर इरादतन हत्या करने का प्रयास) तथा विस्फोटक पदार्थ कानून की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोल्लम मंदिर हादसे में मरने वाले लोगों के निकटतम संबंधी को 2-2 लाख रूपये और घायलों को 50-50 हजार रूपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। स्थिति का जायजा लेने और घायलों की खरियत पूछने के लिए केरल जा रहे प्रधानमंत्री ने इस हादसे को हृदय विदारक और स्तब्ध कर देने वाला बताया है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, कोल्लम में मंदिर में लगी आग दिल दहला देने वाली और स्तब्ध कर देने वाली है जिसके बारे में कुछ कह पाना शब्दों से परे है। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के लिए प्रार्थनाएं हैं। प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा को दुर्घटना स्थल पर पहुचने के लिए भी कहा है।
केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से कोल्लम में दो हेलीकॉप्टर मुहैया कराने को कहा है ताकि गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को लाया ले जाया जा सके। उन्होंने कहा, कुछ घायलों की हालत बहुत गंभीर बताई जाती है। घायलों को कोल्लम और उसके आसपास तथा तिरूवनंतपुरम और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोल्लम के जिला कलेक्टर ने आतिशबाजी की अनुमति नहीं दी थी।
* केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, एनडीआरएफ की टीम हादसे की जगह पर मौजूद, बचाव काम में लगी है। घायलों को मेडिकल सुविधा देना प्राथमिकता। पीड़ितों को हर संभव मदद दे रहे हैं।
* मंदिर में आग लगने की घटना की वजह से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री मोदी केरल रवाना, बर्न स्पेशलिस्ट्स सहित डाक्टरों का एक दल भी उनके साथ गया।
* सीएम ओमन चांडी ने मंदिर हादसे की जांच के आदेश दिये। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगी। पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की है।
* हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ी, अब तक 102 लोगों की मौत।
* कोल्लम मंदिर दुर्घटना में मंदिर प्रशासन और विस्फोटकों के लाइसेंसधारकों के खिलाफ केस दर्ज।
* केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी से बात की और इस त्रासदी से पैदा हालात से निबटने के लिए सभी केन्द्रीय सहायता का आश्वासन दिया। हालात से निबटने में स्थानीय प्रशासन की सहायता के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल केरल भेजा जा रहा है। सिंह ने कहा, ‘कोल्लम हादसे में मरने वालों के परिवार को मेरी हार्दिक संवेदना। घायलों के प्रति मेरी प्रार्थना।’
* हादसे के बाद बचाव और राहत अभियान के लिए राज्य पुलिस, राज्य आपदा मोचन दल और अग्निशामक दल घटनास्थल पर हैं।
* केंद्रीय गृहमंत्रालय के एक प्रवक्ता ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर में पटाखों में विस्फोट होने से आग लगी। प्रवक्ता ने बताया कि इस हादसे में 83 लोगों की मौत हो गई जबकि 350 अन्य घायल हो गए।
* आग लगने से मंदिर का एक हिस्सा भी गिरा।
* सीएम चांडी घटना स्थल के लिए निकले।
* प्रधानमंत्री ने कहा कि कोल्लम में आग लगने से हुए हादसे की वजह से उत्पन्न हालात का जायजा लेने के लिए वह जल्द ही केरल जाएंगे।
* गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि कोल्लम के मंदिर में हुए अग्निकांड में 83 लोगों की मौत और 350 घायल।
* प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा से तत्काल कोल्लम के अग्निकांड स्थल पर पहुंचने को कहा।
* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कोल्लम में मंदिर में लगी आग दिल दहला देने वाली और स्तब्ध कर देने वाली घटना है, जिसे बयान करने के लिए शब्द नहीं हैं।
* मंदिर में आतिशबाजी की इजाजत नहीं थी।
* कई शव झुलस चुके हैं और उनकी पहचान के लिए डीएनए परीक्षण करवाया जाएगा। अधिकतर लोग झुलसने से घायल हुए हैं। इन्हें कोल्लम और तिरूवनंतपुरम के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
* चांडी ने बताया, दुर्घटना स्थल पर बचाव अभियान पूरा हो चुका है। अब सरकार का ध्यान घायलों को अच्छे से अच्छा उपचार मुहैया कराने पर है। मृतकों की संख्या पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संख्या बढ़ेगी क्योंकि उन विभिन्न अस्पतालों से खबरें आ रही हैं जहां घायलों को भर्ती कराया गया है। चांडी ने कहा, यह अभूतपूर्व और खतरनाक स्थिति है। उन्होंने कहा कि घायलों को उनके परिजनों ने जिन अस्पतालों में पहुंचाया है वहां सरकार उन्हें इलाज की पूरी सुविधा प्रदान करेगी। चांडी ने बताया कि राज्य के मुख्य सचिव से चुनाव आयोग को एक पत्र लिखने को कहा गया है जिसमे आयोग से यह अनुरोध किया जाएगा कि वह घायलों को इलाज की सुविधा दिए जाने को चुनाव आचार संहिता के दायरे से बाहर करने की मंजूरी दे दे।
मंदिर में उत्सव के चलते मध्यरात्रि से ही परिसर में आतिशबाजी की जा रही थी और सैकड़ों लोग इसे देखने के लिए एकत्र हुए थे। पुलिस ने बताया कि तड़के करीब 3 बजे जब आतिशबाजी खत्म होने वाली थी, तभी पटाखों और आतिशबाजी की अन्य सामग्री से भरे गोदाम ‘कंबापुरम’ में संभवत: एक विस्फोट हुआ। उन्होंने कहा कि मारे गए लोगों में आम पुरुषों और महिलाओं के अलावा पुलिस अधिकारी भी शामिल हैंपुलिस ने कहा कि इस दुर्घटना में लगभग 200 लोग घायल हो गए और उन्हें जिले के तथा पास ही स्थित तिरूवनंतपुरम के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री वी एस शिवाकुमार ने कहा कि अस्पताल प्रशासनों को घायलों के लिए जरूरी प्रबंध करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। राज्य के गृहमंत्री रमेश चेन्नीथला ने कहा कि पुलिस महानिदेशक सेनकुमार बचाव अभियानों का निरीक्षण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘घटना की समग्र जांच की जाएगी। चुनाव आयोग के साथ विमर्श करने के बाद दुर्घटना के पीड़ितों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाएगा।’ स्थानीय मीडिया ने कोल्लम जिला अधिकारिायों के हवाले से कहा कि मंदिर प्रशासन ने ऐसी दुर्घटना के लिहाज से संवेदनशील इस इलाके में भारी आतिशबाजी करने के खिलाफ जारी की गई चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया।
पुलिस ने कहा कि जिला कलेक्टर शिनामोल ने मौके का दौरा किया और कहा कि बचाव और निकासी अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा है। दुर्घटना में पूरी तरह नष्ट हो चुके कंकरीट ढांचों में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने टीवी चैनलों को बताया कि यह दुर्घटना तड़के तीन बजकर 30 मिनट पर हुई। उन्होंने कहा कि गोदाम में हुए विस्फोट की आवाज मंदिर से लगभग दो किलोमीटर की दूरी तक सुनी गई।
कंट्रोल रूम नंबर: 04742512344.





