कुछ इस तरह बरसे ओबामा और कहा- ‘हम 21वीं सदी में हैं, 50 साल पीछे देख रहे हैं लोग’
अमेरिका के दो पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और जॉर्ज बुश ने अमेरिका के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चिंता जाहिर की है. साथ ही दोनों पूर्व राष्ट्रपतियों ने अमेरिका में लोगों से विभाजन और पूर्वाग्रह की राजनीति को खारिज करने की अपील की है. इस अपील को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लगाई गई एक फटकार के रूप में भी देखा जा रहा है.

अलग-अलग जगहों और कार्यक्रमों में बोलते हुए ओबामा और बुश ने यह चेतावनी दी कि अमेरिका अतीत की उन नफरतों के बीच पिस रहा है जिन्हें काफी पहले इतिहास में दफन हो जाना चाहिए था. उन्होंने सामान्य उद्देश्य के माध्यम से आर्थिक चिंताओं को दूर करने की वकालत की. दोनों नेताओं ने सीधे तौर पर ट्रंप का नाम नहीं लिया लेकिन उनकी बातों से यह साफ था कि उनाका इशारा अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप की ओर है.
न्यूयार्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद पहली बार किसी अभियान में शामिल हुए ओबामा ने गुरुवार को न्यूजर्सी में गवर्नर पद के लिए डेमोक्रेट उम्मीदवार फिल मर्फी के समर्थन में एक रैली को संबोधित किया. ओबामा ने कहा कि अभी जो राजनीति हम देख रहे हैं, हमें लगता था कि हम उसे बहुत पहले छोड़ चुके हैं. वह व्यक्ति 50 साल पीछे देख रहा है. यह 21वीं सदी है, 19वीं नहीं. हम विभाजन और भय की राजनीति को खारिज करते हैं. हम उस तरह की राजनीति का आलिंगन करते हैं, जो कहती है कि हर किसी का महत्व है, हर किसी को अवसर मिलना चाहिए, हर किसी का सम्मान किया जाना चाहिए.
इसे भी देखें:- राम रहीम की ये दिवाली रही फीकी, इस बार राम रहीम नहीं कर पाया ये सब, होता रहा बेचैन…
जॉर्ज बुश ने भी साधा निशाना
इससे पहले न्यूयार्क में पूर्व राष्ट्रपति बुश ने अपने एक भाषण के दौरान लोगों को अमेरिकी लोकतंत्र और सामाजिक ताने-बाने के कमजोर पड़ने के खतरे के प्रति आगाह किया. बुश ने कहा कि ‘षड्यंत्र की कहानियों और मनगढ़ंत बातों को तूल देकर राजनीतिक व्यवस्था को दूषित किया गया है. बुश के मुताबिक, अमेरिकी समाज में कट्टरपन को हवा दी जा रही है. उन्होंने कहा कि हमारी राजनीति साजिश की कहानियों और झूठी बातों का शिकार हो रही है. बुश ने कहा कि ऐसे संकेत मिल रहे हैं, खासकर युवाओं में, जिससे पता चलता है कि लोकतंत्र के प्रति गहन भावना कमजोर हुई है और हमारी बातचीत के लहजे में गिरावट आई है.





