बड़ी खबर: भारत में बनेंगें दुनिया के सबसे खतरनाक हेलीकॉप्टर!

नई दिल्ली: भारत और रूस के बीच एक अरब डालर (करीब 6433 करोड़ रुपये) के सौदे के तहत कामोव सैन्य हेलीकॉप्टर का निर्माण भारत में किया जाएगा। इसके लिए भारत में संयुक्त उद्यम का पंजीकरण कराया गया है। इस सौदे के तहत भारत को 200 कामोव हेलीकॉप्टर मिलेंगे जिनमें से अधिकतर का निर्माण भारत में किया जाएगा।

रूस के अंतरराष्ट्रीय सहयोग और क्षेत्रीय नीति विभाग, रोस्टेक स्टेट कॉरपोरेशन के प्रमुख विक्टर निकोलायविच क्लादोव ने बताया कि संयुक्त उद्यम का पंजीकरण मई में कराया गया।

रोस्टेक स्टेट कॉर्प रूस के 700 उच्च प्रौद्योगिकी वाले सैन्य और असैन्य कंपनियों का संगठन है। इसका गठन 2007 में किया गया। मॉस्को के नजदीक जुकोवस्की शहर में मंगलवार से शुरू एयरशो एमएकेएस-2017 से पहले क्लादोव ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘हम यह जानकार बेहद खुश हैं कि अंतत: संयुक्त उद्यम भारत में पंजीकृत हो गया।’

पिछले वर्ष अक्टूबर में भारत और रूस ने हिंदुस्तान एयरोनोटिक्स लिमिटेड (एचएएल) और रूस की दो प्रमुख रक्षा कंपनियों के बीच संयुक्त उद्यम के लिए व्यापक करार को अंतिम रूप दिया था। भारत पुराने पड़ चुके चीता और चेतक हेलीकॉप्टरों हटाने के लिए कामोव हेलीकॉप्टर खरीद रहा है।

2015 में हुए समझौते के तहत रूस 60 कामोव-226टी हेलीकॉप्टर चालू हालत में भारत को देगा जबकि 140 हेलीकॉप्टर का निर्माण भारत में होगा।

Back to top button