ऑनलाइन विडियो देखना है अब भारतीयों को पसंद हुआ टीवी से मोह भंग

भारतीय दर्शक हर हफ्ते ऑनलाइन वीडियो कंटेंट देखने में औसतन 8 घंटे 28 मिनट का समय खर्च करते हैं. यह समय दर्शकों द्वारा हर हफ्ते टीवी देखने में बिताए गए समय 8 घंटे 8 मिनट से कुछ ज्यादा है. एक नए सर्वे में ये जानकारी दी गई है.
ग्लोबल लेवल पर डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराने वाले प्लेटफॉर्म ‘लाइमलाइट नेटवर्क्स’ की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, ‘जितना समय भारतीय दर्शक ऑनलाइन वीडियो देखने में बिताते हैं, वह 2018 में वैश्विक स्तर पर हर हफ्ते ऑनलाइन वीडियो देखे जाने वाले औसत 6 घंटे 45 मिनट से काफी ज्यादा है. इसमें 2016 के आंकड़े की तुलना में 58 प्रतिशत अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है.’
‘स्टेट ऑफ ऑनलाइन वीडियो 2018’ नामक रिपोर्ट के अनुसार, ऑनलाइन चैनलों में भारतीय दर्शक सबसे ज्यादा फिल्म देखते हैं. उसके बाद ऑनलाइन देखे जानी वाले कंटेंट में समाचार, टीवी शो और खेल शामिल हैं.
लाइमलाइट नेटवर्क्स के दक्षिणपूर्व एशिया और भारत के वरिष्ठ निदेशक जहीर अब्बास ने कहा, ‘ऑनलाइन मीडिया ने भारतीय ग्राहकों को बेजोड़ विकल्प उपलब्ध कराया है, ऐसे में अब दर्शक सिनेमा से लेकर स्पोर्ट्स तक और मनोरंजन से लेकर TV शो तक ढेरों मीडिया कंटेंट को देख सकते हैं.’





