एजिस कॉल सेंटर में लगी आग, एक घायल

लखनऊ। राजधानी के हजरतगंज इलाके में शक्ति भवन के पीछे स्थित एजिस कॉल सेंटर में आज सुबह आग लग गई। कॉल सेंटर के दूसरे तल पर आग लगने से वहां काम कर रहे कर्मचारियों में हडक़ंप मच गया। जान बचाने के चक्कर में एक कर्मचारी घायल हो गया। इससे पहले की आग पूरी बिल्डिंग में फैल पाती वहां उपलब्ध उपकरणों की सहायता से लोगों ने आग बुझाने के साथ ही दमकल को सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल की गाडिय़ों सहित पुलिस और अग्निशमन विभाग की पूरी टीम ने आग पर काबू पा लिया। वहीं आग लगने के कारणों का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हजरतगंज थाना क्षेत्र के शक्ति भवन के पीछे एजिस कॉल सेंटर है। यहां 24 घंटे कर्मचारी काम करते हैं। कस्टमर्स की समस्याओं को सुनते और उनका समाधान करते हैं। आज भी सुबह करीब 9:05 बजे कर्मचारी अपने काम में व्यस्त थे। इसी बीच दूसरे तल पर स्थित इलेक्ट्रिक हब में अचानक आग लग गई। आग लगते ही कॉल सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। यहां काम करने वाले कर्मचारी बाहर निकलकर भागने लगे। इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। वहीं कॉल सेंटर में मौजूद अग्नि शमन यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास किया गया जिससे आग नियंत्रण में आ गई। आखिर 15 मिनट बाद पहुंची दमकल की टीम ने आग को पूरी तरह बुझाया।

Back to top button