इस बार कोहरे के दिनों की संख्या औसत से दोगुनी हो सकती मौसम विभाग: यूपी

इस बार की ठंड में लोगों को लंबे समय तक कोहरे का कहर झेलना पड़ सकता है। घना कोहरा दुर्घटना की आशंका में इजाफा करेगा। एक अध्ययन के मुताबिक इस बार कोहरे के दिनों की संख्या औसत से दोगुनी हो सकती है। अध्ययन में इसके पूर्वानुमान का आधार वर्षभर नमी की अधिकता को बनाया गया है।

गोरखपुर इन्वायरमेंटल एक्शन ग्रुप की ओर से कराए गए अध्ययन में इस वर्ष ठंड के तीन महीनों नवंबर, दिसंबर और जनवरी में कोहरे के दिनों की संख्या 40 रहने का पूर्वानुमान है। अध्ययन टीम का नेतृत्व करने वाले मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के मुताबिक कोहरे के दिनों की यह संख्या औसत से करीब दोगुनी है।

मौसम विभाग के मानक के अनुसार नवंबर, दिसंबर और जनवरी महीने में कोहरे वाले औसत दिनों की संख्या 22 है। अध्ययन में इसकी वजह इस वर्ष जनवरी से लेकर अबतक नमी का औसत से अधिक होना बताया गया है।

Back to top button