असम बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रियंका-निक किया दान, साथ ही फैन्स से की ये अपील…

विश्व सुंदरी का खिताब अपने नाम कर चुकीं प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड फिल्मों तक नाम कमा रही हैं. प्रियंका चोपड़ा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और लोगों की मदद भी करती हैं. एक बार फिर मुसीबत में फंसे लोगों के लिए प्रियंका ने मदद का हाथ आगे बढ़ाया है. प्रियंका और निक ने असम में आई बाढ़ के लिए काम कर रहीं संस्थाओं को डोनेशन दिया है. दोनों ने अपने फैन्स से भी अपील की है कि वे भी हरसंभव मदद करें.

भारत पहले ही कोरोना वायरस महामारी के कारण संकट में फंसा हुआ है, और अब बिहार के बाद असम भी बाढ़ की चपेट में है. ऐसे में बाढ़ के वजह से परेशान लोगों की मदद के लिए प्रियंका और निक आगे आए हैं. प्रियंका ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ‘असम के लिए प्रार्थना कीजिए. मैं कुछ विश्वसनीय संगठनों का विवरण साझा कर रही हूं जो असम में कुछ अच्छा काम कर रहे हैं. निक और मैंने भी एक दान दिया है. आइए हम उनका समर्थन करें ताकि वे जरूरतमंद लोगों की मदद करना जारी रख सकें.’
बता दें, प्रियंका चोपड़ा असम की टूरिज्म ब्रांड एम्बेसडर रही हैं. 2016 में उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई थी जिसके बाद वे राज्य के कई कैंपेन का हिस्सा भी रहीं. बाढ़ के कारण असम में सामान्य जीवन बाधित हो गया है. लोग अपने सामान और जानवरों को अस्थायी शेल्टरों में ले जाने को मजबूर हैं. इस साल चौथी बार असम के विभिन्न जिलों में बाढ़ ने कहर बरपाया है और वहां के लोग लगातार बाढ़ से होने वाली परेशानियों से जूझ रहे हैं.





