असदुद्दीन ओवैसी कोर्ट के फ़ैसले के बारे में अनाप शनाप बोल रहे: राम विलास वेदांती

अयोध्या पर आए फैसले के बाद ऑल इंडिया मजलिस इत्तिहादुल मुस्लमिन (एआईएमआईएम) प्रमुख के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर साधु संतों ने नाराजगी जाहिर की है. राम जन्मभूमि न्यास के कार्यकारी अध्यक्ष राम विलास वेदांती ने ओवैसी पर कड़ा बयान दिया है. रामविलास वेदांती ने कहा कि एक मात्र ओवैसी ही कोर्ट के फ़ैसले के बारे में अनाप शनाप बोल रहे हैं. उन्हें जेल भेजना चाहिए. देश ही नहीं दुनिया के किसी मुसलमान ने इस तरह फ़ैसले के ख़िलाफ़ नहीं बोला जैसे ओवैसी बोल रहे हैं.

राम विलास वेदांती ही नहीं साधु संतों की सर्वोच्च संस्था अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी ने भी ओवैसी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि अदालत का फैसला न मानना संविधान के खिलाफ है.

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सुन्नी वक्फ बोर्ड ने कुछ नाराजगी जताई. हालांकि, उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चेयरमैन जफर फारूकी ने कहा, ”हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले को स्वीकार करते हैं और स्वागत करते हैं. मैं यह साफ कर देना चाहता हैं कि यूपी सुन्नी वक्फ बोर्ड सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दाखिल नहीं करेगा.”

उन्होंने कहा, ”पांच एकड़ की ज़मीन हमने मांगी नहीं थी और जो ज़मीन मिली है उसपर हम चर्चा करेंगे कि लेना है या नहीं.” फारूकी ने असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर कहा न तो तो कोर्ट का हिस्सा हैं और न ही सुन्नी वक़्फ़ बोर्ड से जुड़े हुए हैं इसलिए वो क्या कहते हैं इसपर बात करना ठीक नहीं है.

Back to top button