अरविन्द केजरीवाल के 2 करोड़ लेने की शिकायत ACB से करेंगे कपिल, बनेंगे सरकारी गवाह


यह भी पढ़े: तिवारी बोले- केजरीवाल ने लालू को भी पछाड़ा, माकन ने मांगा इस्तीफा; अन्ना बोले- बहुत दुख हुआ
मंत्रिमंडल से हटाये जाने के दूसरे दिन रविवार दोपहर कपिल मिश्रा राजघाट पहुंचे। महात्मा गांधी को याद करने के बाद मीडिया से बात करते हुये कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले उनकी आंखों के सामने स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने केजरीवाल को दो करोड़ रुपये कैश दिये।
मिश्रा ने बताया कि उन्होंने इसके बारे में केजरीवाल से पूछा तो केजरीवाल ने जवाब देने से इनकार करते हुये नसीहत दी कि राजनीति में कुछ बातें होती हैं जो बताई नहीं जा सकतीं।
कपिल मिश्रा यही नहीं रूके। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन ने केजरीवाल के करीबी रिश्तेदार के जमीन सौदे के लिए 50 करोड़ रुपये की डील कराई थी। मिश्रा ने सत्येंद्र जैन के सभी विभागों को भ्रष्टाचार का अड्डा बताया। साथ ही कहा कि उनके मंत्रालय की सभी फाइलों को सार्वजनिक करने से पता चल जायेगा कि किस तरह जैन ने घोटाला किया है।
कपिल मिश्रा ने पैसे के लेन-देन के समय और मौके पर उनकी मौजूदगी से जुड़े सवालों पर कहा कि इसकी जानकारी उन्होंने सुबह उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात कर इस बारे में जानकारी दे दी है। इसके अलावा दूसरी जांच एजेंसियों को भी जरूरत पड़ने पर सूचित करूंगा।
कुमार विश्वास ने भी केजरीवाल का बचाव किया है। उन्होंने कहा, ‘मैं केजरीवाल को पिछले 12 सालों से जानता हूं। मैं क्या, केजरीवाल का भयानक दुश्मन भी यकीन नहीं कर सकता कि वह भ्रष्ट हो सकते हैं। केजरीवाल ने पहले भी कहा कि अगर वह भ्रष्टाचार करते हैं तो उन्हें पार्टी से निकाल देना चाहिये। अगर कपिल मिश्रा के पास कोई सबूत है तो उसे सार्वजनिक करना चाहिये। इस तरह का आरोप गलत है। जैन से कागजाद मांगे हैं। पीएसी की बैठक जब भी होगा, जाऊंगा। निजी आस्थाओं के साथ भ्रष्टाचार की लड़ाई नहीं लड़ूंगा।’
सोमनाथ भारती ने कहा कि जितना मैं जानता हूं, अरविंद जी कुछ भी हो सकते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार से उनका गहरा बैर है। इनके पुराने साथी भी डंके की चोट पर यह बात करते हैं।
दिलीप पांडेय ने कहा कि राजनीति में अपने का सही अंदाजा होना बहुत जरूरी है। वरना दीर्घता के भ्रम में व्यक्ति आसमान से थूकने की गलती कर देता है। फिर इसका नतीजा बहुत खतनाकर होता है।
अजय माकन ने कहा है कि मंगलवार से 10 लाख जनता के हस्ताक्षर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने के समर्थन में पांच दिन में कराएंगे। यूं भी ये वही पार्टी है जो राइट टू रिकॉल की बात करती है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी में भ्रष्टाचार फैला है। 14 फरवरी, 2015 जिस पार्टी की सरकार बनी उसके 6 मंत्री पर भ्रष्टाचार, फर्जी डिग्री व सेक्स सीडी प्रकरण के आरोप लगे हैं। चार मंत्री हटाए जा चुके हैं।





