अमेरिका सीनेट सशस्त्र सेवा समिति के अध्यक्ष और शीर्ष रिपब्लिकन सीनेटर जॉन मकेन को हुआ ब्रेन कैंसर

शक्तिशाली सीनेट सशस्त्र सेवा समिति के अध्यक्ष और शीर्ष रिपब्लिकन सीनेटर जॉन मकेन को ब्रेन कैंसर होने की बात का पता चला है. मायो क्लिनिक अस्पताल ने इस बात की जानकारी दी.
बाईं आँख में जमे खून के थक्के का इलाज करवाने के दौरान 80 वर्षीय मकेन को ब्रेन कैंसर की बीमारी होने की जानकारी मिली. वर्ष 2008 राष्ट्रपति चुनाव में वह रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार थे.
फिनिक्स स्थित मायो क्लिनिक अस्पताल के अनुसार मकेन 14 जुलाई को यहां खून का थक्का हटवाने आए थे. अस्पताल ने बुधवार को एक बयान में कहा कि बाद में ऊतक रोग विज्ञान से पता चला की उन्हें ब्रेन ट्यूमर है.
मायो क्लिनिक और मकेन के कार्यालय ने बुधवार को एक संयुक्त बयान में कहा कि सीनेटर के डॉक्टरों का कहना है कि वह अपनी सर्जरी के बाद ‘तेजी से’ स्वस्थ हो रहे हैं और उनका स्वास्थ्य दुरुस्त है.”
बयान के मुताबिक, सीनेटर और उनका परिवार ट्यूमर दूर करने के लिए कीमोथेरेपी और रेडियेशन समेत इलाज के सभी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं. मकेन के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि उन्होंने (मकेन) पिछले कुछ समय से उन्हें मिल रहे समर्थन की सराहना की है.
एफे न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मकेन न की स्वास्थ्य स्थिति के कारण रिपब्लिकनों को नए हेल्थ बिल पर मतदान टालना करना पड़ा. इस पर सीनेट में इस सप्ताह मतदान होना था. मकेन 1987 से अरिजोना के सीनेटर हैं.





