अब तंबौर थाने के दो सिपाहियों को हुआ कोरोना

सीतापुर: लगातार बढ़ते कोरोना की जद में शनिवार को जिले का एक और थाना भी आ गया है। यहां तैनात एक महिला और पुरुष सिपाही की कोरोना रिपोर्ट पाॅजीटिव आ गई है। इसे लेकर तंबौर थाने में तैनात समस्त कर्मचारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इसके अलावा जिले के अन्य इलाकों में कुल 12 मरीज मिले हैं।
जिले के रेउसा थाने में कोरोना ने जमकर पैर पसारे। यहां तैनात चार उपनिरिक्षक व एक सिपाही कोरोना पाॅजीटिव मिल चुके हैं। अब शनिवार को तंबौर थाने में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। यहां तैनात पंद्रह पुलिस कर्मियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें एंटीजेन टेस्ट में एक महिला और पुरुष सिपाही की रिपोर्ट कोरोना पाॅजीटिव आई है।
प्रतीकात्मक फोटोसूचना मिलने के बाद तंबौर थाने में तैनात कर्मचारी दहशत में आ गए। स्वास्थ्य महकमे की ओर से इन पुलिस कर्मियों को एल 1 हाॅस्पिटल भेजने की तैयारी शुरु कर दी गई है। इसके साथ ही थाने के अन्य स्टाफ कर्मियों के नमूने लेकर उन्हें भी जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके पूर्व आई रिपोर्ट में जिला पंचायत राज विभाग के चार कर्मचारी कोरोना पाॅजीटिव मिले थे।
वहीं सीतापुर शहर में दो, संदना के जैनापुर में एक, बिसवां में दो व एक अन्य मरीज मिले हैं। इस प्रकार अब जिले में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 117 हो गई है, जबकि 85 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
महमूदाबाद कोतवाली हुई सेनेटाइज
लगातार बढ़ते कोरोना के प्रकोप से बचने के लिए सेनेटाइजेशन का काम भी जोरों पर चल रहा है। इसके तहत शनिवार को दमकल विभाग की ओर से कोतवाली परिसर को सेनेटाइज कराया गया।





