अब ग्रैजुएशन से पीएचडी तक एससी/एसटी स्टूडेंट को बिना फीस पढ़ाएगा इग्नू

  • उदयपुर| अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्र इंदिरा गांधी खुला विश्वविद्यालय (इग्नू) से अब पीएचडी तक की पढ़ाई निशुल्क कर सकेंगे। अब तक इग्नू स्नातक तक की पढ़ाई ही निशुल्क करवा रहा था। अब एम.फिल और पीएचडी जैसे रिसर्च प्रोग्राम एससी/एसटी के छात्र निशुल्क पढ़ सकेंगे। इग्नू के प्लानिंग और डेवलपमेंट डिविजन ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।
    अब ग्रैजुएशन से पीएचडी तक एससी/एसटी स्टूडेंट को बिना फीस पढ़ाएगा इग्नू
     
    जनजाति आबादी को देखते हुए उदयपुर संभाग को सबसे ज्यादा फायदा होगा। जुलाई 2017 में एडमिशन लेने वाले एससी/एसटी छात्र भी इसका लाभ ले सकेंगे। एससी/एसटी छात्र जो किसी प्रकार का स्कॉलरशिप या छात्रवृत्ति ले रहे हैं, उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा। गौरतलब है कि इग्नू दुनिया का सबसे बड़ा खुला विश्वविद्यालय है, जो घर बैठे पाठ्यक्रम करवाता है। जगह-जगह पर इग्नू के स्टडी सर्कल हैं। इग्नू में 200 से अधिक पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
    सर्टिफिकेट स्तर के सभी पाठ्यक्रम, डिप्लोमा स्तर के सभी पाठ्यक्रम, बीए, बीकॉम, बीएससी, बीएसडब्ल्यू, बीटीएस, एम.फिल और पीएचडी
     
    प्रदेश में 80 स्टडी सेंटर चलते हैं
    इग्नू के राजस्थान में फिलहाल 80 के करीब स्टडी सेंटर हैं, जिसे दो-तीन साल में बढ़ाकर 150 करने की योजना है। इग्नू राजस्थान के समन्वयक सम्मेलन में हाल में हिस्सा लेने आए इग्नू के रीजनल सर्विस डिविजन के डायरेक्टर डॉ. वी. वेणुगोपाल रेड्डी ने इस संबंध में कहा था कि हर ट्राइबल जिले में दो स्टडी सेंटर खोलने की योजना है।
     
    घर-घर तक कंप्यूटर शिक्षा पहुंचाएगा इग्नू
    इग्नू ने सभी घरों तक कंप्यूटर साक्षरता पहुंचाने का भी लक्ष्य रखा है। इसके लिए ‘घर-घर इग्नू, हर घर इग्नू’ का नारा दिया है। इसके लिए दो प्रोग्राम हैं। पहला, 2 महीने का निशुल्क कंप्यूटर साक्षरता बेसिक प्रोग्राम, जिसमें 40 घंटे की ट्रेनिंग के बाद सर्टिफिकेट दिया जाता है। वहीं दूसरा छह महीने का कम्युनिकेशन एंड आईटी स्किल्स (सीआईटी) कोर्स है। इसमें अंग्रेजी भी सिखाई जाती है। 12वीं के बाद ग्रेजुएशन के साथ-साथ भी कर सकते हैं।
     
     
Back to top button