अब GOOGLE पर लगा 404 करोड़ रुपये का जुर्माना, पूरी दुनिया हुई हैरान

फ्रांस के डाटा निगरानीकर्ता ने सोमवार को यूरोपीय संघ के सख्त जनरल डाटा प्रोटेक्शन रेगुलेशन (जीडीपीआर) का पहली बार इस्तेमाल करते हुए अमेरिकी सर्च इंजन गूगल पर 50 मिलियन यूरो (404.73 करोड़ रुपये) के जुर्माने की घोषणा की।
एक बयान में बताया गया कि गूगल अपनी डेटा नीतियों के तहत पारदर्शी और आसानी से सुलभ जानकारी प्रदान करने में विफल रहा। इस कारण नियामक सीएनआइएल ने उस पर रिकॉर्ड जुर्माना किया।
सीएनआइएल ने कहा कि गूगल ने उपयोगकर्ताओं के लिए उनकी व्यक्तिगत सूचनाओं के प्रयोग को दुरुह बना दिया। खासकर विज्ञापन के मामलों में वरीयताओं को समझने एवं प्रबंधन में काफी परेशानी आने लगी।
गूगल प्रवक्ता ने कहा, “लोग हमसे पारदर्शिता और नियंत्रण के उच्च मानकों की उम्मीद करते हैं। हम उन उम्मीदों और जीडीपीआर की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अगला कदम उठाने के लिए हम आदेश का अध्ययन कर रहे हैं।”
दो अधिवक्ता समूहों की शिकायत के शीघ्र बाद जीडीपीआर के निर्देश प्रभाव में आए थे। एक समूह ने गूगल पर अपने एंड्रॉइड मोबाइल ऑपरेटिंग सॉफ्टवेयर के जरिये सेवाओं के उपयोग के दौरान बेवजह व जबरन शर्त थोपने का आरोप लगाया था।





