बिहार: यशवंत सिन्हा की अगुवाई में नेताओं का जुटान, शामिल होंगे तेजस्‍वी व शत्रुघ्न सिन्हा

पटना। पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा के बागी नेता यशवंत सिन्हा की अगुवाई में गठित राष्ट्र मंच का पहला अधिवेशन 21 अप्रैल को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में आयोजित होगा। विदेश मंत्रालय में सचिव रह चुके केसी सिंह, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता घनश्याम तिवारी और यशवंत सिन्हा के सचिव राजेश कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में बुधवार को बताया कि विपक्षी दलों के कई नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे।बिहार: यशवंत सिन्हा की अगुवाई में नेताओं का जुटान, शामिल होंगे तेजस्‍वी व शत्रुघ्न सिन्हा

केसी सिंह ने कहा कि मुख्य रूप से अधिवेशन में सात मुद्दों पर चर्चा होगी जिसमें विभिन्न संस्थानों पर केंद्र सरकार के बढ़ते दबाव, किसानों की आय, युवाओं के हित, गरीबों का कल्याण, महिलाओं एवं कमजोर वर्ग की सुरक्षा और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था शामिल है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के खिलाफ विभिन्न दलों को एक मंच पर लाने की जिम्मेदारी राष्ट्र मंच निभाएगा।

घनश्याम तिवारी ने बताया कि अधिवेशन में भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह एवं आशुतोष, कांग्रेस की रेणुका चौधरी, राजद के तेजस्वी यादव, जदयू के उदय नारायण चौधरी आदि मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि उनके अलावा समाजवादी पार्टी के कई नेता भी मौजूद रहेंगे। समाजसेवी एवं लेखक शाहिद सिद्दीकी भी अधिवेशन में शामिल होंगे।

Back to top button