यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक जून से सफर हो जाएगा महंगा, जानिये- किसे मिलेगी राहत

नोएडा। दिल्ली से बेहद करीब यमुना एक्सप्रेस-वे का सफर एक जून से महंगा होने जा रहा है। यमुना प्राधिकरण में सोमवार को हुई 63वीं बोर्ड बैठक में टोल दर बढ़ाने के लिए मंजूरी दी गई है। हालांकि, निजी दो पहिया, चार पहिया वाहन व ट्रैक्टर आदि के लिए टोल दरें पूर्व की तरह ही रहेंगी।

वहीं, कॉमर्शियल व भारी वाहनों में पांच से पंद्रह पैसे प्रति किलोमीटर की टोल दर बढ़ाई गई हैं। इससे एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बस समेत सार्वजनिक परिवहन के साधन में यात्रा करने वालों पर असर होगा। उन्हें यात्रा के लिए अधिक खर्च करना होगा। करीब दो साल बाद यमुना एक्सप्रेस-वे के टोल में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेपी इंफ्राटेक व यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक में एक्सप्रेस-वे पर हादसे रोकने के लिए उपाय करने के सख्त निर्देश दिए थे।

वाहन – दरें – नई दरें (रुपये प्रति किमी)

दो पहिया – 1.25 – यथावत

कार, जीप – 2.50 – यथावत

बस, ट्रक – 7.85 – 7.90

भारी निर्माण मशीन – 11.90 – 12.05

सात धुरी या अधिक वाले वाहन – 15.40 – 15.55

डॉ. अरुणवीर सिह (सीईओ यमुना प्राधिकरण) के मुताबिक, यमुना एक्सप्रेस-वे पर टोल दरों में बढ़ोतरी को बोर्ड ने स्वीकार किया है। दर वृद्धि से एकत्र रकम को एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने के लिए खर्च किया जाएगा। छह माह में कार्य पूरा किया जाएगा। रकम संयुक्त खाते में जमा होगी। नई दरें केवल कामर्शियल व भारी वाहनों पर लागू होंगी। 

Back to top button