अब जल्द ही इन 81 शहरों में बनेगी कचरे से बिजली और खाद

हरियाणा के 81 शहरों से हर रोज निकलने वाले करीब पांच हजार टन कचरे के निस्तारण की कार्य योजना तैयार कर ली गई है। इस कचरे से बिजली और खाद बनेगी। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत प्रदेश सरकार ने इन शहरों को 15 कलस्टर में बांटकर कचरा निस्तारण की योजना बनाई है।
कुछ परियोजनाओं पर काम शुरू हो गया तो कुछ पर अगले माह काम शुरू हो जाएगा। प्रदेश भर में शुरू होने वाले सभी कचरा निस्तारण प्लांट 2018 से 2020 के बीच बनकर तैयार हो जाएंगे। शहरी स्थानीय निकाय विभाग के इन प्रोजेक्ट को मुख्यमंत्री ने मंजूरी दे दी है।
शहरी निकाय मंत्री कविता जैन के अनुसार टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और काम अगले माह से गति पकड़ लेगा। राज्य में कचरे से खाद बनाने के 11 और बिजली बनाने के चार प्लांट लगेंगे।
इन शहरों में लगेंगे प्लांट
– रोहतक जिले के 10 शहरों के 425 टन कचरा निस्तारण के लिए रोहतक में बिजली प्लांट लगाया जाएगा, जिसका काम इसी साल नवंबर में शुरू होगा। मार्च 2020 में इस प्लांट के पूरा होने की संभावना है।
– अंबाला जिले के पांच शहरों के 363 टन कचरा निस्तारण के लिए अंबाला में बिजली प्लांट लगेगा। इसी 21 सितंबर को टेंडर हो चुका, जिसका निर्माण जनवरी 2020 में पूरा होगा।
– करनाल जिले के सात शहरों के 242 टन कचरा निस्तारण के लिए करनाल में ही खाद बनाने का प्लांट लगाया जाएगा। इसका टेंडर भी हो चुका है।
इसे भी पढ़े: पूर्व आर्मी चीफ ने सर्जिकल स्ट्राइक पर तोड़ी चुप्पी, बोले- सैनिकों की मौत का बदला लेना था मुझे
– भिवानी जिले के तीन शहरों के 154 टन कचरा निस्तारण के लिए बवानीखेड़ा में खाद बनाने का प्लांट लगाया जाएगा।
– रेवाड़ी जिले के नौ शहरों के लिए रेवाड़ी अथवा नारनौल में 197 टन कचरा निस्तारण का प्लांट लगेगा। इसका टेंडर भी 21 सितंबर को हो चुका है। जनवरी 2018 में काम शुरू होगा और मई 2019 में पूरा होना प्रस्तावित है।
– हिसार जिले के पांच शहरों के लिए हिसार में प्लांट काम करेगा।
– सिरसा व डबवाली के पांच शहरों के लिए सिरसा में प्लांट लगेगा।
– फरुखनगर के छह शहरों के लिए फरुखनगर में प्लांट लगाया जाएगा।
फरीदाबाद और गुरुग्राम से निकलने वाले कचरे के निपटान के लिए गुरुग्राम के बंधवाड़ी में प्लांट लगेगा, जिसका काम अगस्त 2019 में पूरा होगा। यहां बिजली बनेगी। इसके लिए अगस्त 2017 में टेंडर हो चुका है।





