पत्नी कर रही थी मोबाइल पर बात तो… पति ने गुस्से में उठाया खौफनाक कदम

पति क्वारंटाइन सेंटर में था। पत्नी घर में थी। रात में पति क्वारंटाइन सेंटर से भाग कर घर पहुंचा तो पत्नी को मोबाइल पर बात करते देखकर आग बबूला हो उठा। युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। पत्नी की कलाई पर ऐसा वार किया कि हाथ कटकर अलग गिर गया। इस घटना में घायल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए अंबिकापुर अस्पताल रेफर किया गया है। यह ह्दयविदारक घटना जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक कुरहाटेपना गांव का निवासी ललित राम रोजगार की तलाश में ओडिशा गया था। लॉक डाउन के दौरान गांव लौटने पर स्थानीय प्रशासन ने उसे गांव में ही बने हुए क्वारंटाइन सेंटर में क्वारंटाइन किया था।

बताया जा रहा है कि बुधवार और गुरूवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे ललित राम कोरवा क्वारंटाइन सेंटर से निकल कर घर पहुंच गया। इस दौरान उसकी पत्नी पियरमुनी बाई मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इसे देखकर आरोपित ललित के मन में पत्नी की चरित्र पर संदेह हुआ। उसने आधी रात के वक्त किसी से बात करने को लेकर पत्नी से सफाई मांगी।

इस मसले को लेकर पति-पत्नी के बीच जमकर तकरार हुआ। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित ललित ने आपा खो दिया। घर में रखे हुए धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया। इस हमले से बचने के लिए उसकी पत्नी पियरमुनि बाई ने अपने हाथ से रोकने का प्रयास किया।

इसी हाथ से मोबाइल पर बात करती हो, कहकर उसने पत्नी की दाहिना कलाई को काटकर अलग कर दिया। वह दर्द से चिखने लगी। शोर गुल सुन कर आसपास के घर में रहने वाले लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ महिला को आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने अंबिकापुर रेफर कर दिया। वहीं पुलिस आरोपित ललित राम कोरवा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

Back to top button