हाजीपुर शहर में दिखा बंद का व्यापक असर, सड़कों पर आवागमन बाधित

हाजीपुरः सुप्रीम कोर्ट द्वारा SC, ST आरक्षण में क्रीमी लेयर एवं उपवर्गीकरण करने के फैसले के खिलाफ अनुसूचित-जनजाति मोर्चे एवं भीम आर्मी द्वारा भारत बंद का आह्वान किया गया है। वहीं 21 अगस्त की सुबह से ही हाजीपुर शहर में भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है।
भीम आर्मी ने किया राष्ट्रीय हाईवे जाम
बड़ी संख्या में भीम आर्मी के लोगों द्वारा सड़कों पर उतरकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया जा रहा है। सैकड़ों कार्यकर्ता ने सुबह से ही आगजनी कर राष्ट्रीय हाईवे जाम कर दिया है। इसके अलावा हाजीपुर, जदुआ, भगवानपुर, बिदूपुर, महनार, देसरी, राजापाकर, इंडेस्टियल इलाका भी पूर्ण रूप से जाम कर दिया है, जिसके कारण बड़े-छोटे वाहन की लंबी कतार लग गई है।
भारत बंद के आह्वान को लेकर अलर्ट मोड पर पुलिस प्रशासन
वहीं भारत बंद के आह्वान पर वैशाली पुलिस प्रशासन भी सजग है। सभी चौक चौराहे पर यातायात व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं पर पैनी नजर रखी हुईं हैं और प्रशासन अलर्ट होकर पूरी मुस्तैदी से शांति व्यवस्था बनाए हुए हैं। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न चौक चौराहे पर मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है।





