लूणकरणसर जा रहे वरुण गांधी की बीच रास्ते में बिगड़ी तबीयत, दिल्ली लौटे
लूणकरणसर (बीकानेर)।सांसद एवं भाजपा नेता वरुण गांधी की रविवार को बीकानेर में अचानक तबीयत बिगड़ गई। वे जिस कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे वहां पहुंचे बगैर ही बीच रास्ते से एयरपोर्ट लौटे और अपने चार्टर्ड विमान से दिल्ली रवाना हो गए। उनके निजी सचिव ने बताया कि दिल्ली के एम्स में उनकी जांच की गई जहां डेंगू की पुष्टि हुई है। डाक्टर्स ने आराम करने की सलाह दी है।

जानिए और इस बारे में ….
– वरुण गांधी रविवार सुबह लगभग 11.30 बजे चार्टर्ड प्लेन से नाल एयरपोर्ट पहुंचे। कुछ देर यहां कार्यकर्ताओं-आगंतुकों से मिलने के बाद सड़क मार्ग से लूणकरणसर के लिए रवाना हो गए उन्हें सारस्वत कम्युनिटी काउंसलिंग फाउंडेशन के आयोजन में बतौर मुख्य वक्ता विचार रखने थे। थोड़ी दूर चलते ही उन्हें उल्टी शुरू हो गई और तेज बुखार भी लगा। रास्ते में दो बार रुकते हुए हंसेरा गांव तक पहुंचे लेकिन स्थिति बिगड़ती देख रास्ते से ही एयरपोर्ट लौट आए। दोपहर लगभग 2.00 बजे उन्होंने वापस दिल्ली के लिए उड़ान भर ली।
– उनके निजी सचिव नसीबसिंह संधु ने बताया कि दिल्ली एम्स में जांच के बाद डाक्टर्स ने डेंगू बताया है। संधु के मुताबिक वरुण गांधी का स्वास्थ्य पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं था। इसके बावजूद वे कार्यक्रम में शिरकत करने बीकानेर रवाना हो गए। बीच रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर जल्दबाजी में लौटना पड़ा।
इसे भी देखें:- OMG… कभी 5000 रुपए की कंप्यूटर ऑपरेटर थी ये लेडी, अब सालाना कमाती हैं 2Cr रु., जानें इनका SUCCESS मंत्र
कार्यक्रम स्थल पर कई कयास
– वरुण बीमारी के कारण बीच रास्ते से लौट गए वहीं कार्यक्रम स्थल लूणकरणसर से लेकर शहर में हर तरफ कई कयास लगाए जाते रहे। चर्चा यह भी रही कि जिस मंच से उन्हें संबोधित करना था, वहां कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री वीरेन्द्र बेनीवाल की मौजूदगी होने सहित भाजपा के कई असंतुष्ट नेताओं के मौजूद रहने की भी सूचना थी। यह जानकारी मिलने के बाद वरुण लौट गए। शहर भाजपा को सांसद वरुण गांधी के इस कार्यक्रम के संबंध में कोई आधिकारिक सूचना ही नहीं थी। ऐसे में अगवानी करने भी गिने-चुने लोग ही पहुंचे।





