उत्तराखंड: मानसूनी बरसात के बाद प्रदेश के कई जिलों में नेशनल हाईवे सहित कई मोटर मार्ग हुए बंद…

उत्तराखंड में हो रही मानसूनी बरसात के बाद प्रदेश के कई जिलों में नेशनल हाईवे सहित कई मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। सड़क बंद होने की वजह से गाड़ियां भी फंस गए हैं जिसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीपलकोटी के पास अवरुद्ध हो गया है। यहां रविवार दोपहर सवा तीन बजे भारी भूस्खलन हुआ है। प्रशासन के मुताबिक हाईवे सोमवार दोपहर तक खुल पाएगा। भूस्खलन चाड़ा कोड़ी तोक पर हुआ है। इससे हाईवे पर दोनों तरफ की आवाजाही पूरी तरह रुक गई है। हाईवे चौड़ीकरण का कार्य कर रही एनकेजी के कंपनी के अफसरों ने बताया कि बड़े पैमाने पर पहाड़ी से मलबा और बोल्डर हाईवे पर आ गए हैं।
इन्हें हटाने का काम चल रहा है। लेकिन लगातार मलबा गिरने से हाईवे खोलने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि जिस पैमाने पर भूस्खलन हुआ है, उसे हटाने में आज सोमवार दोपहर तक का वक्त लग सकता है। इधर, बारिश और भूस्खलन होने से मलबा और बोल्डर सड़क पर आने से रविवार सुबह भी बदरीनाथ हाईवे चमोली जिले में चार घंटे से अधिक समय तक बंद रहा। जिले में 24 अन्य सड़कें भी बंद हैं। मठ झड़ैता के ग्राम प्रधान संजय राणा ने बताया कि बारिश और भूस्खलन होने से गांव को खतरा उत्पन्न हो गया है। पीपलकोटी मठ मोटर मार्ग को नुकसान हुआ है। बेमरू के ग्राम प्रधान पंकज कुमार ने बताया अतिवृष्टि से कृषि भूमि को भारी नुकसान हो गया है।
मनेरा बाईपास पर पहाड़ी से हो रहा भारी भूस्खलन
जिला मुख्यालय के पास मनेरा बाइपास मार्ग पर लगातार पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिर रहे हैं। यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। शनिवार रात और रविवार की सुबह भी बिना बारिश के मनेरा बाइपास पर ज्ञानसू के सामने की पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। इसके कारण बाइपास भी बाधित हुआ। वहीं जिला प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से यातायात को रोका गया है। जिले में इन दिनों जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। बारिश के दौरान लगातार सड़क मार्ग बाधित हो रहे हैं। कई जगहों पर तो पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं, इससे जनहानि भी हुई है। जिला मुख्यालय के समीप मनेरा बाइपास पर शनिवार सुबह से पहाड़ी से भूस्खलन हो रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने कहा कि भूस्खलन को देखते हुए सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं।