उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 222 नए मामले आए सामने, चार मरीजों की मौत…

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 222 नए मामले सामने आए हैं। वहीं चार मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा आज 451 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार को 26872 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, अल्मोड़ा में 17, बागेश्वर में तीन, चमोली में सात, चंपावत में आठ, देहरादून में 63, हरिद्वार में 46, नैनीताल में 14, पौड़ी में 14, पिथौरागढ़ में 14, रुद्रप्रयाग में 12, टिहरी में 11, ऊधमसिंह नगर में 10 और उत्तरकाशी में तीन मामले सामने आए हैं।
प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल मामलों की संख्या तीन लाख 38 हजार 288 हो गई है। इनमें से तीन लाख 22 हजार 258 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 3231 पहुंच गई है। राज्य में कोरोना के चलते अब तक चुल 7017 लोगों की जान जा चुकी है।
प्रदेश में ब्लैक फंगस के 10 और मरीज मिले
प्रदेश में शुक्रवार को ब्लैक फंगस के 10 और मरीज मिले हैं। देहरादून और नैनीताल जिले में नए मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। अब कुल मरीजों की संख्या 433 हो गई है। जबकि 73 की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार एम्स ऋषिकेश में पांच, दून मेडिकल कॉलेज में दो, श्री महंत इन्दिरेश हॉस्पिटल में एक और सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में ब्लैक फंगस के दो मरीज मिले हैं। बीते 24 घंटे में ब्लैक फंगस से कोई मौत नहीं हुई है। जबकि नौ मरीज ठीक हुए हैं। अब तक 58 मरीजों ने ब्लैक फंगस को मात दी है।
कोरोना से बचने के लिए टीकाकरण जरूरी : यतीश्वरानंद
राज्यमंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि इस समय कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है। इसके साथ ही शारीरिक दूरी और बाहर निकलने पर मास्क और सैनिटाइज का प्रयोग करना जरूरी है। वह कलियर विधानसभा क्षेत्र के पाडली गुर्जर के शक्ति विहार कॉलोनी में आयुष किट बांटने के दौरान आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
शुक्रवार को रुड़की की शक्ति विहार कॉलोनी में भाजपा नेता अजय सैनी के नेतृत्व में लोगों को आयुष किट वितरित की गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे गन्ना एवं चीनी मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि लोगों को कोरोना वैक्सीन के लिए जागरूक करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता जमीनी स्तर तक काम कर रहे हैं।
जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को वैक्सीनेशन और कोरोना टेस्ट के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस मौके पर भाजपा नेता अजय सैनी ने कहा कि इस विपदा की घड़ी में हर किसी को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए।
दोपहर तक रिपोर्ट न देने वाले अस्पतालों के रद्द होंगे लाइसेंस
शनिवार दोपहर 12 बजे तक कोरोना के दौरान हुई मौतों की रिपोर्ट न देने वाले अस्पतालों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे। देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को सीएमओ को इसके निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डेथ ऑडिट में सहयोग न करने वाले अस्पतालों के खिलाफ क्लीनिकल इस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने एडीएम प्रशासन को आशारोड़ी चेकपोस्ट पर बनाए गए सैंपलिंग प्वाइंट पर व्यवस्था बनाने को कहा, जिससे जिले में आने वाले सभी लोगों की सैंपलिंग हो सके। उन्होंने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के सैंपल प्राप्त करने और आंबेडकर चौक घंटाघर समेत अन्य स्थानों पर भेजी जा रही सैंपलिंग टीमों के साथ पुलिस ड्यूटी भी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत आइवरमैक्टिन दवा का वितरण किया जा चुका है।
एफआरआई में भ्रमण के लिए करना होगा इंतजार
देहरादून के वन अनुसंधान संस्थान परिसर में आने वाले पर्यटकों के साथ ही मॉर्निंग वॉकर्स को अभी इंतजार करना होगा। प्रबंधन फिलहाल वन अनुसंधान संस्थान परिसर को खोलने के मूड में नहीं है। वहीं, दून चिड़ियाघर समेत जिले के तमाम पर्यटन स्थलों को खोलने के लिए विभागीय अधिकारी सरकार और शासन की नई एसओपी का इंतजार कर रहे हैं।
बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर के चलते वन अनुसंधान संस्थान परिसर को पर्यटकों और मॉर्निंग वॉकर्स के लिए बंद कर दिया गया था। कई वैज्ञानिकों, अधिकारियों के संक्रमित होने के बाद संस्थान निदेशक ने यह फैसला लिया था, लेकिन अब कोरोना को लेकर स्थितियां तेजी से सामान्य हो रही हैं तो एक बार फिर मॉर्निंग वॉकर्स के साथ ही पर्यटकों को संस्थान परिसर खोले जाने की उम्मीद जगी है।
संस्था निदेशक अरुण सिंह रावत का कहना है कि कोरोना के चलते राज्य सरकार की ओर से कोरोना कर्फ्यू लागू है। इसके समाप्त होने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
सरकार, शासन के निर्देशानुसार खोले जाएंगे पर्यटन स्थल
जिला पर्यटन अधिकारी जसपाल सिंह का कहना है कि रॉबर्स केव, गुच्चूपानी, सहस्रधारा समेत जिले के तमाम पर्यटन स्थल फिलहाल पर्यटकों के लिए बंद हैं। पर्यटन स्थलों को खोलने को लेकर सरकार, शासन स्तर से जिस तरह से निर्देश जारी किए जाएंगे उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
दून चिड़ियाघर प्रशासन को भी नई एसओपी का इंतजार
दून चिड़ियाघर के वन क्षेत्राधिकारी मोहन सिंह रावत का कहना है कि सरकार, शासन और वन मुख्यालय की ओर से चिड़ियाघर खोलने को लेकर जैसे ही आदेश जारी किए जाएंगे। पर्यटकों के लिए चिड़ियाघर खोल दिया जाएगा। चिड़ियाघर खोलने को लेकर पहले से ही तैयारियां पूरी हैं। फिलहाल सरकार, शासन की नई एसओपी का इंतजार किया जा रहा है।





