UPSSSC की सपा राज की अटकीं 20,000 भर्तियों का रास्ता हुआ साफ, फिर से काम शुरू

यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने सपा शासनकाल में विज्ञापित पदों की लंबित चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।

UPSSSC की सपा राज की अटकीं 20,000 भर्तियों का रास्ता हुआ साफ, फिर से काम शुरू20,235 पदों पर भर्तियां किसी न किसी स्तर पर अटकी हुई हैं। आवेदक इसे आगे बढ़ाने की मांग कर रहे थे। आयोग के फैसले से परेशान आवेदकों को बड़ी राहत मिलेगी।

यूपीएसएसएससी के अध्यक्ष सीबी पालीवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोग की बैठक हुई। इसमें कई महत्वपूर्ण फैसले हुए। इसमें चयन प्रक्रिया को उनकी मौजूदा स्थिति से ही आगे बढ़ाने का फैसला सबसे अहम रहा।

पालीवाल ने बैठक के बाद बताया कि कुछ विज्ञापित पद हैं जिनमें परीक्षाएं हो चुकी हैं लेकिन इंटरव्यू नहीं हुआ है। कुछ में इंटरव्यू शुरू हुए थे लेकिन अधूरे हैं। कहीं पद विज्ञापित कर आवेदन ले लिए गए लेकिन परीक्षा नहीं हुई।

आयोग ने तय किया है जिनके आवेदन आ गए हैं, उनकी परीक्षा कराई जाए। जिनके इंटरव्यू अधूरे हैं, उनके आगे के इंटरव्यू हो। जिनकी परीक्षा हुई लेकिन इंटरव्यू नहीं हुए, उनके  इंटरव्यू शुरू किए जाएं।

पालीवाल ने बताया कि आयोग ने लंबित चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की प्राथमिकता भी तय कर दी है। जो विज्ञापन सबसे पुराना होगा, उसकी लंबित प्रक्रिया सबसे पहले आगे बढ़ाई जाएगी। इसके बाद इसी क्रम से आगे प्रक्रिया बढ़ती रहेगी।

चेयरमैन ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नतीजे विजिलेंस की जांच रिपोर्ट पूरी होने पर घोषित होंगे। लेकिन, विजिलेंस को भी जांच की प्राथमिकता बताई जाएगी।

इससे जिस क्रम में चयन प्रक्रिया पूरी होगी, उसी क्रम में विजिलेंस की जांच भी पूरी होती जाएगी। दोनों प्रक्रिया एक साथ पूरे होने पर भर्ती के संबंध में निर्णय लेकर चयन कार्यवाही तेजी से पूरी की जा सकेगी।

 
Back to top button