UP के CM योगी ने राज्य में कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी नए ऑफिसर को दी, हटाए गए ADG लॉ एंड ऑर्डर

उत्तर प्रदेश की लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी कार्रवाई की है. सीएम योगी ने राज्य में कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी नए ऑफिसर को दी है. सरकार ने पीवी रामशास्त्री यूपी का नया एडीजी लॉ एंड ऑर्डर नियुक्त बनाया है.

मौजूदा एडीजी कानून-व्यवस्था आनंद कुमार का तबादला कर दिया गया है. नई जिम्मेदारी के तहत उन्हें एडीजी कारागार प्रशासन बनाया गया है. उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में कानून व्यवस्था की स्थिति डंवाडोल हुई है. राज्य में हत्या, रेप की घटनाओं से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं.

सीएम योगी ने ली थी पुलिस अधिकारियों की क्लास

बुधवार को बिगड़ती कानून-व्यवस्था, अपराध पर लगाम लगाने व विकास की रफ्तार बढ़ाने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक उच्चस्तरीय बैठक की थी. इस बैठक में मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय, पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह और कई जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौजूद थे. मुख्यमंत्री ने इस दौरान अधिकारियों को ईमानदारी से काम करने की नसीहत दी थी.

अधिकारियों को दी थी ईमानदारी से काम करने की नसीहत

इस दौरान सीएम योगी ने मुख्य रूप से पांच बिंदुओं पर चर्चा की थी. इनमें सबसे पहला एजेंडा महिला अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था. इसके अलावा योगी ने यातायात व्यवस्था, अपराधियों के खिलाफ विभिन्न मामलों में हुई कार्रवाई, भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई और अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई पर भी चर्चा की.

कौन हैं पीवी रामशास्त्री

आंध्र प्रदेश की ईस्ट गोदावरी के मूल निवासी पीवी रामशास्त्री 1989 बैच के आईपीएफ अधिकारी हैं. पूर्वांचल के कई जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके पीवी रामशास्त्री की गिनती सूबे के तेज-तर्रार अधिकारियों में होती है. मौजूदा समय में वह एडीजी वाराणसी जोन थे. अब उन्हें एडीजी लॉ एंड ऑर्डर बनाया गया है.

Back to top button